पटना/ 21 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत मिलने वाली सहायता राशि को 4 लाख रुपये से घटाकर 2 लाख रुपये किए जाने की संभावित खबर पर पूर्व बिहार विधान परिषद सदस्य भूमिपाल राय ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इसे छात्रों और उनके अभिभावकों के हितों के खिलाफ बताते हुए सरकार से निर्णय पर पुनर्विचार करने की मांग की है। भूमिपाल राय ने कहा कि स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा हासिल करने का महत्वपूर्ण माध्यम रही है। इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट, नर्सिंग और अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की बढ़ती फीस को देखते हुए 2 लाख रुपये की सहायता राशि पर्याप्त नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षा राज्य के विकास की आधारशिला है। ऐसे समय में जब युवाओं को बेहतर शिक्षा और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की जरूरत है, तब शिक्षा सहायता में कटौती उचित नहीं है। इससे हजारों प्रतिभाशाली छात्र आर्थिक कारणों से अपनी पढ़ाई पूरी करने से वंचित हो सकते हैं।
पूर्व विधान परिषद सदस्य ने बिहार सरकार से आग्रह किया कि छात्रों के व्यापक हित को देखते हुए इस निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए और योजना को पहले की तरह प्रभावी एवं सुलभ बनाए रखा जाए। साथ ही छात्रों, शिक्षाविदों और अभिभावकों से संवाद कर उनकी चिंताओं का समाधान किया जाए।






Total views : 100925





















