बेगूसराय। 10 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
9 अगस्त साम्राज्यवाद विरोधी दिवस एवं ‘अंग्रेजों भारत छोड़ो’ आंदोलन की स्मृति में सोमवार को संयुक्त किसान मोर्चा, केंद्रीय मजदूर संगठनों एवं खेतिहर मजदूर संगठनों के राष्ट्रव्यापी आह्वान पर बेगूसराय में किसान-मजदूरों ने प्रदर्शन किया। बिहार राज्य किसान सभा, सीआईटीयू और बिहार प्रांतीय खेतिहर मजदूर यूनियन की जिला इकाइयों के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित प्रदर्शन में जिले के विभिन्न हिस्सों से किसान, मजदूर, छात्र-युवा एवं महिलाएं शामिल हुए।
लोहिया नगर पूर्वी रेलवे गुमटी से झंडे-बैनर के साथ निकला जुलूस समाहरणालय के उत्तरी द्वार पहुंचा, जहां प्रदर्शनकारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर नगर थाना ले जाया, जहां कुछ देर रखने के बाद सभी को छोड़ दिया गया।
प्रदर्शनकारियों ने प्रस्तावित भारत-अमेरिका व्यापार समझौता वापस लेने, चारों लेबर कोड रद्द करने, किसानों की उपज के लिए सी2+50 प्रतिशत फार्मूले के आधार पर न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी देने, बिजली के निजीकरण पर रोक लगाने और स्मार्ट प्रीपेड मीटर वापस लेने की मांग की।
इसके अलावा बीज विधेयक 2025 एवं नई कृषि विपणन नीति वापस लेने, खाद-बीज की किल्लत एवं कालाबाजारी रोकने, शिक्षा एवं स्वास्थ्य के निजीकरण पर रोक, किसानों की जमीन के जबरन अधिग्रहण पर रोक, फसल क्षतिपूर्ति में अनियमितता दूर करने तथा किसानों और गरीबों के कर्ज माफ करने की मांग उठाई गई।
प्रदर्शनकारियों ने बेरोजगारी, महंगाई, बढ़ते अपराध एवं भ्रष्टाचार के खिलाफ भी आवाज उठाई। साथ ही भूमिहीन गरीबों को आवास के लिए जमीन, पर्चाधारियों को जमीन पर दखल, आंगनबाड़ी एवं आशा कर्मियों समेत स्कीम वर्करों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने और बाढ़ से निपटने के लिए समय रहते समुचित व्यवस्था करने की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व बिहार राज्य किसान सभा के पूर्व राज्य अध्यक्ष एवं बेगूसराय के पूर्व विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह, कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष शशिकांत राय, माकपा जिला सचिव रत्नेश झा, सीआईटीयू जिला अध्यक्ष आर.एस. राय, जिला सचिव एवं मटिहानी जिला पार्षद अंजनी कुमार सिंह, किसान कौंसिल के जिला अध्यक्ष सुरेश यादव, सचिव दयानिधि चौधरी, संयुक्त सचिव रामाशीष राय, बिहार प्रांतीय खेतिहर मजदूर यूनियन के सचिव रामभजन सिंह, संयुक्त सचिव सूर्य नारायण रजक, एसएफआई के राज्य सचिव देवदत्त कुमार वर्मा, डीवाईएफआई जिला सचिव अजय कुमार यादव, किसान नेता नेतराम यादव, अवध किशोर चौधरी, मोहम्मद अली, दुलीचंद यादव, जय गणेश चौरसिया, पशुपति राय, खेतिहर मजदूर नेता सुरेश पासवान, रामजी पासवान एवं विशेश्वर पासवान सहित अन्य नेताओं ने किया।
प्रदर्शन के माध्यम से किसान, मजदूर एवं गरीबों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की गई।






Total views : 99554