बेगूसराय। 08 अगस्त। नेशनल पॉजिटिव न्यूज
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में शनिवार को कारगिल विजय सभा भवन में जिला कृषि टास्क फोर्स सह जिला स्तरीय उर्वरक निगरानी समिति की बैठक हुई। बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।
समीक्षा में बताया गया कि खरीफ 2026-27 में निर्धारित 74,504.1 हेक्टेयर लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 68,292.1 हेक्टेयर में फसल आच्छादन हो चुका है, जो 91.66 प्रतिशत है। मक्का का आच्छादन 99.52 प्रतिशत तथा धान रोपनी 72.76 प्रतिशत दर्ज की गई है। जिला कृषि पदाधिकारी अभिषेक रंजन ने उर्वरक की उपलब्धता की जानकारी देते हुए बताया कि यूरिया का 11,919.25 मीट्रिक टन, डीएपी का 8,360.42 मीट्रिक टन, एनपीके का 10,996.73 मीट्रिक टन, एसएसपी का 3,145.25 मीट्रिक टन तथा एमओपी का 1,953.52 मीट्रिक टन स्टॉक उपलब्ध है।
उर्वरक की कालाबाजारी एवं अनियमित बिक्री रोकने के लिए जिले के सभी पांच अनुमंडलों में अभियान चलाया गया। 312 प्रतिष्ठानों की जांच में 11 मामलों में अनियमितता मिली। इसके बाद 5 विक्रेताओं के लाइसेंस रद्द, एक का निलंबित तथा 5 विक्रेताओं से स्पष्टीकरण मांगा गया है। बैठक में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फार्मर रजिस्ट्री, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, सिंचाई, पशुपालन, मत्स्य पालन और जीविका की योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
बताया गया कि जिले में 1,12,649 किसानों का ई-केवाईसी पूरा हो चुका है। वहीं 6.34 लाख पशुओं की ईयर टैगिंग भी पूर्ण की जा चुकी है। डीएम श्रीकांत शास्त्री ने अधिकारियों को किसानों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पहुंचाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसानों को बीज एवं उर्वरक निर्धारित सरकारी दर पर ही उपलब्ध कराया जाए और कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहे।






Total views : 98991