बेगूसराय। 08 अगस्त। नेशनल पॉजिटिव न्यूज
बेगूसराय के प्रेक्षा गृह सह आर्ट गैलरी में शनिवार को विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) [VB-G RAM G] अधिनियम, 2025 एवं विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक दिवसीय जिला स्तरीय पंच सम्मेलन आयोजित किया गया।
सम्मेलन में पंचायत प्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने योजनाओं के प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी, जिला परिषद अध्यक्ष सुरेंद्र पासवान, निदेशक NEP पूजा कुमारी, निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार, डीपीओ मनरेगा बिट्टू कुमार सहित विभिन्न पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने कहा कि VB-G RAM G के तहत ग्रामीण परिवारों को अकुशल शारीरिक श्रम के लिए 125 दिनों के गारंटीकृत रोजगार का प्रावधान किया गया है। इसके तहत जल सुरक्षा, ग्रामीण अवसंरचना, आजीविका अवसंरचना एवं आपदा शमन से जुड़े कार्यों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने तथा पंचायतों की स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप प्राथमिकता वाली योजनाओं को चिह्नित करने का निर्देश दिया।
सम्मेलन में योजना के तहत कृषि कार्यों के महत्वपूर्ण मौसम में ग्रामीण श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए बुआई एवं कटाई से संबंधित 60 अधिसूचित दिनों के दौरान योजना के कार्यों पर रोक संबंधी प्रावधानों की भी जानकारी दी गई।
इसके अलावा ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति, वित्तीय अधिकारों के प्रत्यायोजन, पारदर्शिता, विभिन्न योजनाओं के अभिसरण और रियल-टाइम डिजिटल अनुश्रवण पर चर्चा हुई। विकसित ग्राम पंचायत योजना (VGPP) के तहत स्थानीय जरूरतों, संसाधनों और विकास की प्राथमिकताओं के आधार पर सहभागी एवं साक्ष्य-आधारित योजनाएं तैयार करने पर जोर दिया गया।
सम्मेलन में विभिन्न प्रखंडों से आए मुखियाओं ने पंचायत स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन से जुड़े अनुभव एवं सुझाव साझा किए। समापन सत्र में जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से VB-G RAM G अधिनियम एवं VGPP के प्रावधानों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने तथा ग्राम पंचायतों को सहभागी, सशक्त एवं आत्मनिर्भर विकास इकाई के रूप में विकसित करने का आह्वान किया गया।







Total views : 98989