बेगूसराय | 5 अगस्त 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) बेगूसराय नगर द्वारा बुधवार को जीडी कॉलेज परिसर में सदस्यता अभियान 2026 का शुभारंभ किया गया। अभियान के पहले दिन ही बड़ी संख्या में शिक्षकों एवं छात्र-छात्राओं ने ABVP की सदस्यता ग्रहण की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं परिषद गीत के साथ हुआ।
इस अवसर पर प्रदेश मंत्री डॉ. पुरुषोत्तम कुमार ने कहा कि ABVP केवल सदस्यता अभियान नहीं चलाती, बल्कि राष्ट्र निर्माण के लिए युवाओं को तैयार करती है। उन्होंने कहा कि जीडी कॉलेज के शिक्षकों और छात्रों का परिषद से जुड़ना छात्र संगठन के प्रति बढ़ते विश्वास का प्रमाण है। विशेष आमंत्रित सदस्य अजीत चौधरी ने कहा कि परिसर की समस्याओं के समाधान और छात्र हितों की रक्षा के लिए ABVP हमेशा सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करती है। उन्होंने छात्रों से संगठन का हिस्सा बनकर इसे और मजबूत बनाने का आह्वान किया।
निवर्तमान जिला संयोजक कमल कश्यप ने कहा कि बेगूसराय नगर में जिस उत्साह के साथ सदस्यता अभियान की शुरुआत हुई है, वह पूरे विभाग के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि हर छात्र तक ABVP का संदेश पहुंचाना संगठन का लक्ष्य है।
प्रांत सोशल मीडिया सहसंयोजक मनीष कुमार ने कहा कि आज का छात्र डिजिटल युग का छात्र है और सोशल मीडिया के माध्यम से भी छात्र समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाकर उनके समाधान के लिए आवाज बुलंद की जाएगी।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य लक्की गौतम ने छात्रों से शिक्षा के साथ संस्कार और राष्ट्रभक्ति को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि विद्यार्थी परिषद इसके लिए सशक्त मंच प्रदान करती है। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं से परिषद से जुड़कर अपने सर्वांगीण विकास में भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
नगर मंत्री सिद्धार्थ कुमार एवं सदस्यता अभियान प्रमुख प्रहलाद कुमार ने कहा कि जीडी कॉलेज लंबे समय से ABVP का मजबूत केंद्र रहा है और इस वर्ष के सदस्यता लक्ष्य को सभी कार्यकर्ताओं के सहयोग से पूरा किया जाएगा।
जिला मीडिया संयोजक अमन कुमार, नगर सह मंत्री आलोक कुमार एवं नीतीश कुमार ने बताया कि सदस्यता अभियान पूरे महीने चलेगा। इसके तहत कार्यकर्ता प्रत्येक विभाग, हॉस्टल और कक्षाओं तक पहुंचकर छात्रों को संगठन से जोड़ेंगे।
कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने परिसर में बेहतर शैक्षणिक वातावरण, छात्र सुरक्षा और रोजगारपरक शिक्षा के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर जीडी कॉलेज इकाई अध्यक्ष अभिषेक कुमार, कोऑपरेटिव कॉलेज अध्यक्ष अभिषेक कुमार, नैना गुप्ता, सचिन, हर्ष, गुलशन, कौशिक, अनमोल, निशु, अंजलि सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं ABVP कार्यकर्ता उपस्थित रहे।






Total views : 98323