बेगूसराय | 05 अगस्त 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
प्रधानमंत्री सूर्य घर : मुफ्त बिजली योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं सौर ऊर्जा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से बुधवार को विद्युत आपूर्ति प्रमंडल, बरौनी के कार्यालय परिसर में सोलर मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने कहा कि रूफटॉप सोलर बिजली बिल में कमी लाने के साथ-साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने और अपने घरों में सोलर संयंत्र लगाने की अपील की।
मेले में विभिन्न अधिकृत सोलर वेंडरों एवं बैंक प्रतिनिधियों ने भाग लेकर रूफटॉप सोलर प्रणाली की स्थापना प्रक्रिया, लागत, तकनीकी विशेषताओं, सरकारी सब्सिडी, ऑनलाइन आवेदन, ऋण सुविधा तथा योजना से होने वाले आर्थिक लाभों की जानकारी दी। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं ने मेले में भाग लिया, जिनमें से 64 उपभोक्ताओं ने रूफटॉप सोलर स्थापना के लिए पंजीकरण कराया। पंजीकृत उपभोक्ताओं को आगे की प्रक्रिया एवं तकनीकी सहायता संबंधी जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।
कार्यक्रम में विद्युत आपूर्ति अंचल, बेगूसराय के अधीक्षण अभियंता संतोष कुमार, विद्युत कार्यपालक अभियंता (बरौनी) रंजन कुमार देव, विद्युत कार्यपालक अभियंता (बेगूसराय) सूरज कुमार वर्मा सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
अंत में विद्युत विभाग ने नागरिकों से सौर ऊर्जा को अपनाकर बिजली बचत, पर्यावरण संरक्षण एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की गई।






Total views : 98298