बेगूसराय | 3 अगस्त 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र (डीआरसीसी), बेगूसराय में डीआरसीसी, जिला नियोजनालय एवं श्रम संसाधन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुशल युवा कार्यक्रम (KYP), बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना समेत कई योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि कुशल युवा कार्यक्रम के तहत प्राप्त 2,963 में से 2,962 आवेदन स्वीकृत किए जा चुके हैं। वहीं बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना में 869 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 810 स्वीकृत किए गए हैं। मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना के तहत 286 में से 285 आवेदन स्वीकृत हुए हैं।
बैठक में बताया गया कि नेशनल करियर सर्विस (NCS) पोर्टल पर चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 2,565 युवाओं का पंजीकरण किया गया है। वहीं 15 जॉब कैंपों के माध्यम से 518 युवाओं का चयन हुआ है। जिले के 55 कौशल विकास केंद्रों से अब तक 1.09 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए जा चुके हैं।
श्रम संसाधन विभाग की समीक्षा के दौरान बिहार शताब्दी सामाजिक सुरक्षा योजना, ई-श्रम पंजीकरण, बाल श्रम उन्मूलन अभियान तथा निर्माण श्रमिक कल्याण योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिले में अब तक 8,47,075 श्रमिकों का ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण किया जा चुका है तथा 759 नए निर्माण श्रमिकों का निबंधन स्वीकृत किया गया है।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।







Total views : 97991