बेगूसराय। 3 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
मध्यप्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत तथा बिहार के बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की हार के बाद बेगूसराय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ जश्न मनाया। शहर के नगरपालिका चौक पर ढोल-नगाड़ों की धुन, आतिशबाजी और मिठाइयां बांटकर कार्यकर्ताओं ने अपनी खुशी का इजहार किया।
युवा कांग्रेस नेता मोहित सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर बधाई दी। इस अवसर पर मोहित सिंह ने कहा कि दतिया और बांकीपुर के चुनाव परिणाम जनता के बदलाव के संदेश हैं। उन्होंने दावा किया कि इन नतीजों से भाजपा और उसकी नीतियों के प्रति जनता की नाराजगी सामने आई है। उन्होंने आरोप लगाया कि तमाम प्रयासों के बावजूद भाजपा अपने गढ़ माने जाने वाले बांकीपुर में भी जनता का विश्वास कायम नहीं रख सकी।
कांग्रेस लीगल सेल के अध्यक्ष संजय सम्राट, अधिवक्ता आलोक कुमार, शिक्षाविद मुकेश प्रियदर्शी, कांग्रेस विचार मंच के जिलाध्यक्ष राम पदारथ, अधिवक्ता कुष्मेश शांडिल्य, युवा नेता सावर कुमार एवं कुमार रत्नेश टुल्लू ने संयुक्त रूप से मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परिणाम कांग्रेस नेतृत्व के प्रति जनता के बढ़ते विश्वास का संकेत है तथा लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत है।
जश्न समारोह में तपन झा, सचिन कुमार, विनीत कुमार, मो. विट्टू, प्रभाकर सिंह, रूपक सिंह ‘सिंघम’ सहित दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।





Total views : 106782