बेगूसराय, 25 जुलाई 2026: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) [सीपीआई (एम)] की बेगूसराय जिला कमेटी ने छात्र-युवा आंदोलन को लोकतांत्रिक संघर्ष की जीत बताते हुए आंदोलन में शामिल सभी छात्रों, युवाओं और आम लोगों को बधाई दी है। सीपीआई (एम) के राज्य कमेटी सचिव मंडल सदस्य एवं पूर्व विधायक राजेंद्र प्रसाद सिंह, जिला सचिव रत्नेश झा, पूर्व जिला सचिव सुरेश यादव तथा दयानिधि चौधरी ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि यह आंदोलन इस बात का प्रमाण है कि लोकतांत्रिक मूल्यों में आज भी देश के छात्र-युवा और आम जनता का विश्वास कायम है। उन्होंने कहा कि जब जनता संगठित होकर संघर्ष करती है तो किसी भी सरकार को जनभावनाओं के आगे झुकना पड़ता है।माकपा नेताओं ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा कोई साधारण घटना नहीं है, बल्कि यह देशभर के छात्रों, युवाओं, अभिभावकों और आम लोगों की एकजुटता की लोकतांत्रिक जीत है। उनका कहना था कि संगठित और निरंतर संघर्ष से जनहित के मुद्दों पर सरकार को निर्णय बदलने के लिए मजबूर किया जा सकता है। नेताओं ने अपने बयान में किसान आंदोलन का भी उल्लेख करते हुए कहा कि जिस प्रकार किसानों के लंबे संघर्ष के बाद केंद्र सरकार को तीन कृषि कानून वापस लेने पड़े थे, उसी प्रकार छात्र-युवा आंदोलन के दबाव में शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने सभी वर्गों के लोगों से अपने अधिकारों और जनहित के मुद्दों पर एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने का आह्वान किया।







Total views : 96509