नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ | बेगूसराय | 18 जुलाई 2026
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी 19 जुलाई (रविवार) को एक दिवसीय आधिकारिक दौरे पर बेगूसराय पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। पूरे जिले में सुरक्षा, यातायात और कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्थाओं को युद्धस्तर पर अंतिम रूप दिया जा रहा है।
गांधी स्टेडियम में बनेगा हेलीपैड, यहीं होगा मुख्यमंत्री का आगमन: निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री पटना से हेलीकॉप्टर द्वारा बेगूसराय के गांधी स्टेडियम स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। प्रशासन द्वारा हेलीपैड निर्माण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तेजी से पूरी की जा रही हैं, ताकि आगमन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
बी.पी. इंटर स्कूल में 551 आदर्श विद्यालयों का उद्घाटन मुख्यमंत्री गांधी स्टेडियम से बी.पी. इंटर स्कूल पहुंचेंगे, जहां वे पूरे बिहार के 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालयों) का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान वे विद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं का निरीक्षण भी करेंगे तथा शिक्षा व्यवस्था की जानकारी लेंगे।
आईओसीएल स्टेडियम में होगी सभा: इसके बाद मुख्यमंत्री आईओसीएल स्टेडियम पहुंचकर सभा एवं जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी आम लोगों के साथ साझा की जाएगी। वहीं, बी.पी. इंटर स्कूल और रिफाइनरी टाउनशिप स्थित सभा स्थल पर मंच, पंडाल तथा अन्य व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली गई हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम, प्रशासन ने किया मॉक ड्रिल: मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शनिवार को मुख्यमंत्री के आगमन एवं प्रस्थान मार्ग पर प्रशासन द्वारा मॉक ड्रिल आयोजित की गई। पूरे रूट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।







Total views : 95656