मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आदर्श विद्यालयों का किया शुभारंभ, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत संरचना को लेकर कई अहम ऐलान
बेगूसराय | 19 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को बेगूसराय स्थित आईओसीएल स्टेडियम में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा, पर्यटन, आधारभूत संरचना और रोजगार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि बिहार सरकार राज्य को विकसित बनाने की दिशा में तेजी से काम कर रही है।

बेगूसराय में बनेगा राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ विश्वविद्यालय: मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ की जन्मभूमि बेगूसराय में उनके नाम पर एक विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा। यह विश्वविद्यालय उच्च शिक्षा, शोध, साहित्य और भारतीय चिंतन का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा नई पीढ़ी को दिनकर जी के विचारों और साहित्यिक विरासत से जोड़ने का कार्य करेगा।

551 आदर्श विद्यालयों से 4 लाख विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ: मुख्यमंत्री ने कहा कि एक ही दिन में 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का उद्घाटन होना बिहार के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इन विद्यालयों में लगभग 4 लाख विद्यार्थी अध्ययन करेंगे। उन्होंने कहा कि ये विद्यालय केवल नए स्कूल नहीं हैं, बल्कि विकसित बिहार के संकल्प और नई शिक्षा नीति की मजबूत नींव हैं।

‘बिहार पढ़ेगा, तब बिहार आगे बढ़ेगा’ : मुख्यमंत्री: मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा किसी भी विकसित समाज की सबसे बड़ी ताकत होती है। सरकार का उद्देश्य प्रत्येक बच्चे को आधुनिक, तकनीक आधारित, गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अब सरकारी विद्यालयों में भी निजी विद्यालयों जैसी शैक्षणिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं ताकि ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों को समान अवसर मिल सके।

FILO App, लाइव क्लास और स्मार्ट क्लासरूम पर विशेष जोर: मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में ‘बिहार स्कूल लाइव क्लासेज’ की शुरुआत की जा चुकी है, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को उत्कृष्ट शिक्षकों से ऑनलाइन पढ़ाई का अवसर मिल रहा है। उन्होंने घोषणा की कि 15 अगस्त से FILO App के माध्यम से लाइव एवं इंटरैक्टिव कक्षाएं शुरू होंगी। चयनित विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल स्टूडियो, आधुनिक प्रयोगशालाएं तथा NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया 29 जुलाई से: मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 29 जुलाई से पारदर्शी स्थानांतरण प्रक्रिया शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि शिक्षक बेहतर वातावरण में विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें।
सिमरिया में बनेगा तिरुपति मंदिर: मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि सिमरिया में 10 एकड़ भूमि पर भगवान श्री वेंकटेश्वर (तिरुपति) मंदिर का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मंदिर धार्मिक आस्था के साथ-साथ पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई गति देगा।
सिमरिया से भागलपुर तक बनेगा मरीन ड्राइव: मुख्यमंत्री ने कहा कि सिमरिया से भागलपुर तक गंगा नदी के किनारे मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से पर्यटन, आवागमन और गंगा तट के विकास को नई दिशा मिलेगी।
रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे से कोलकाता की दूरी होगी कम: मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे बनने के बाद बेगूसराय, मुंगेर सहित इस क्षेत्र के लोग लगभग 5 घंटे में कोलकाता पहुंच सकेंगे। इससे उद्योग, व्यापार, कृषि, परिवहन और निवेश को बड़ा लाभ मिलेगा।
शिक्षा और रोजगार पर सरकार का विशेष फोकस: मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य बिहार के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराना है ताकि उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर न रहना पड़े। उन्होंने कहा कि बेहतर शिक्षा से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
महिलाओं, सहयोग शिविर और रोजगार पर भी दी जानकारी: मुख्यमंत्री ने बताया कि 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं के खातों में 10 हजार रुपये की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है। जिनके खाते में राशि नहीं पहुंची है, उन्हें 25 जुलाई तक भुगतान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सहयोग शिविरों के माध्यम से अब तक 6 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 5.60 लाख आवेदनों का निष्पादन किया जा चुका है। सरकार 1 करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य पर तेजी से कार्य कर रही है।
बीपी इंटर स्कूल का किया निरीक्षण: समारोह से पूर्व मुख्यमंत्री ने बीपी इंटर स्कूल, बेगूसराय को सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के रूप में उद्घाटित किया। उन्होंने विद्यालय के संगीत कक्ष, पुस्तकालय, फिजिक्स लैब, स्मार्ट क्लासरूम और विज्ञान प्रदर्शनी का निरीक्षण किया तथा विद्यार्थियों से बातचीत भी की। मुख्यमंत्री के स्वागत में स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत और ढोल-नगाड़ों के साथ उनका अभिनंदन किया।
कई केंद्रीय एवं राज्य स्तरीय नेताओं की रही मौजूदगी: कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री
केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, राज्य सरकार के मंत्री शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी,
बेगूसराय के प्रभारी मंत्री एवं सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार, विधायक कुंदन कुमार, सुरेंद्र मेहता, रजनीश कुमार, नरेंद्र कुमार सिंह (बोगो सिंह), अभिषेक आनंद, विधान पार्षद सर्वेश कुमार, महापौर पिंकी देवी मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुंगेर प्रमंडल के आयुक्त प्रेम सिंह मीणा, उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन, बेगूसराय प्रक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक (DIG) शैलेश कुमार सिन्हा, बेगूसराय के जिलाधिकारी श्रीकांत शास्त्री, बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार व अन्य
बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षकगण, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी,आम नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








Total views : 95883