मुंगेर। 17 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ |
स्वास्थ्य सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाने की पहल: मुंगेर जिले में लोगों को समग्र स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 13 समेकित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से स्वास्थ्य जांच, आयुष्मान भारत कार्ड निर्माण सहित कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएंगी। शिविरों के सफल संचालन को लेकर समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी की अध्यक्षता में समेकित स्वास्थ्य शिविर समन्वय समिति की द्वितीय बैठक आयोजित हुई।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि इन शिविरों को सफल बनाने में स्थानीय पंचायत प्रतिनिधि, आंगनवाड़ी सेविकाएं, आशा कार्यकर्ता और जीविका दीदियां घर-घर जाकर लोगों को स्वास्थ्य जांच के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी स्टैटिक स्वास्थ्य शिविरों में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी मेडिकल टीम की उपलब्धता, आवश्यक दवाओं की व्यवस्था तथा स्वास्थ्य सेवाओं का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करें।
दुर्गापूजा और छठ के दौरान भी लगेंगे शिविर: बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि जिले में अन्य उपयुक्त स्थानों की पहचान कर दुर्गापूजा और छठ महापर्व के दौरान भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर लगाए जाएं, ताकि बाहर से आने वाले प्रवासी नागरिक भी स्वास्थ्य जांच का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि इस पहल से जिले के स्वास्थ्य सूचकांकों में सुधार होगा और आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
सभी विभागों को दिए गए आवश्यक निर्देश: स्थानीय स्तर पर बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए जिला पंचायती राज पदाधिकारी, डीपीओ (आईसीडीएस), सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ), डीपीएम जीविका तथा सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए।सिविल सर्जन डॉ. राजू ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को प्रत्येक शिविर में मेडिकल टीम और पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
घर-घर होगी स्क्रीनिंग, माइक्रोप्लान साझा: जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. ध्रुव ने सभी 13 शिविरों का माइक्रोप्लान प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि शिविरों के आयोजन की जिम्मेदारी बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति द्वारा परिधि भारती संस्था को सौंपी गई है।परिधि भारती के कार्यपालक निदेशक ई. कौशलेंद्र कुमार ने बताया कि स्वास्थ्य शिविरों का संचालन दो चरणों में किया जाएगा। एक ओर शिविर स्थल पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, वहीं दूसरी ओर आउटरीच गतिविधियों के तहत घर-घर जाकर लोगों की स्क्रीनिंग भी की जाएगी। उन्होंने बीएमपी एवं पुलिस लाइन में भी स्वास्थ्य शिविर लगाने का अनुरोध किया, जिस पर जिला पदाधिकारी ने पुलिस अधीक्षक एवं समादेष्टा को आवश्यक कार्रवाई के लिए पत्र भेजने का निर्देश दिया।बैठक में प्रभारी डीआईएस आदित्य कुमार ने शिविरों की आवश्यकता और उद्देश्य पर विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, परिधि भारती के पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







Total views : 95306