पूसा (समस्तीपुर)। 17 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा के कृषि मौसम विभाग ने 18 से 22 जुलाई 2026 के लिए मौसम आधारित कृषि परामर्श (एग्रो एडवाइजरी) जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार 19 और 20 जुलाई के आसपास उत्तर बिहार के कई जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात, तेज हवाओं के साथ मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर अत्यधिक वर्षा भी हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
एडवाइजरी के अनुसार बेगूसराय, समस्तीपुर, सीवान, सारण, वैशाली, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण सहित कई जिलों में वर्षा की संभावना जताई गई है। ये दो दिन आसमान बादलों से ढका रहेगा। किसानों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 25 से 28 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हवा दक्षिण-पूर्व दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है।
कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को सलाह दी है कि संभावित वर्षा का लाभ उठाते हुए धान की रोपाई की तैयारी पूरी करें। साथ ही खेतों में वर्षा जल का संरक्षण, उचित जल निकासी तथा फसलों में कीट एवं रोगों की नियमित निगरानी करने की भी सलाह दी गई है। एडवाइजरी में मोटे अनाज (मिलेट), सूरजमुखी, आम और केले की खेती से जुड़े वैज्ञानिक सुझाव भी दिए गए हैं। इसके अलावा पशुपालकों को दूध देने वाले पशुओं और बकरियों के लिए संतुलित आहार, स्वच्छ पेयजल तथा समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करने की सलाह दी गई है। यह मौसम आधारित कृषि परामर्श किसानों को मौसम के अनुसार खेती की बेहतर योजना बनाने, फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उत्पादन बढ़ाने में मदद करेगा।







Total views : 95306