बेगूसराय। 15 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
आगामी 10 अगस्त को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी जेल भरो आंदोलन की तैयारी को लेकर 19 जुलाई को बेगूसराय के कर्मचारी भवन स्थित कर्मयोगी सभागार में किसान-मजदूर कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर चर्चा करते हुए आंदोलन को सफल बनाने की रणनीति तैयार की जाएगी।
इसकी जानकारी कपास्या चौक स्थित सीटू जिला कार्यालय में आयोजित सीटू, किसान कौंसिल और बिहार प्रांतीय खेतिहर मजदूर यूनियन की संयुक्त बैठक के बाद नेताओं ने दी। बैठक में बताया गया कि सम्मेलन 19 जुलाई को सुबह 11 बजे शुरू होगा, जिसे बिहार राज्य किसान सभा के राज्य महासचिव विनोद कुमार संबोधित करेंगे। बैठक में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में भाग लेकर 10 अगस्त के जेल भरो आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
बैठक को सीआईटीयू जिला सचिव सह मटिहानी से जिला पार्षद अंजनी कुमार सिंह, जिला अध्यक्ष आर एस राय, बिहार प्रांतीय खेतिहर मजदूर यूनियन के जिला सचिव रामभजन सिंह , किसान कौंसिल के जिला सचिव दयानिधि चौधरी, संयुक्त सचिव रामाशीष राय ने संबोधित किया। बैठक में सीटू नेता पीके वर्मा, राकेश कुमार, मुकेश झा, खेतिहर मजदूर के प्रमोद साह, बेगूसराय किसान कौंसिल के कोषाध्यक्ष सुरेन्द्र शाह आदि ने भी अपने – अपने विचार रखे।








Total views : 94966