बेगूसराय, 14 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिले के पशुधन को मुँह पका एवं खुर पका (Foot and Mouth Disease-FMD) रोग से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग ने निःशुल्क एफएमडी टीकाकरण (Round-VII) अभियान की शुरुआत कर दी है। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ के लिए मिली जानकारी के अनुसार, यह अभियान जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के निर्देश पर पूरे जिले में चलाया जा रहा है।

घर-घर पहुंचेंगी टीकाकरण टीमें: पशुपालन विभाग की टीमें जिले के सभी पशुपालकों के घर-घर जाकर पात्र पशुओं का एफएमडी-सीपी टीका पूरी तरह निःशुल्क लगाएंगी। इससे पशुपालकों को अपने पशुओं को कहीं ले जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
श्री गोशाला परिसर में हुआ अभियान का शुभारंभ: मंगलवार को श्री गोशाला, बेगूसराय परिसर में एफएमडी टीकाकरण अभियान के सातवें चरण का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन श्री गोशाला समिति, बेगूसराय के सचिव बिनोद हिसारिया ने किया। इस अवसर पर जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार कुमुद, पशु शल्य चिकित्सक डॉ. सुनील कुमार सहित विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
समय पर टीकाकरण से होगी बीमारी की रोकथाम: कार्यक्रम में बताया गया कि मुँह पका एवं खुर पका रोग पशुओं में तेजी से फैलने वाली संक्रामक बीमारी है, जिससे दुग्ध उत्पादन और पशुधन की उत्पादकता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इस बीमारी से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय समय पर टीकाकरण है।
पशुपालकों से सहयोग की अपील: जिला प्रशासन और पशुपालन विभाग ने सभी पशुपालकों से अपील की है कि जब टीकाकरण दल उनके घर पहुंचे तो वे अपने सभी पात्र पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण अवश्य कराएं। विभाग का लक्ष्य जिले के सभी पात्र पशुओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कर बेगूसराय को मुँह पका एवं खुर पका रोग से सुरक्षित बनाना है।






Total views : 94685