लखीसराय, 2 जुलाई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति (BSACS), जिला एड्स रोकथाम एवं नियंत्रण इकाई (DAPCU), लखीसराय तथा परिधि भारती के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को सूर्यगढ़ा प्रखंड के हार्ड-टू-रीच क्षेत्रों मानिकपुर एवं रामपुर में समेकित स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य दूरस्थ एवं वंचित समुदायों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना, HIV एवं अन्य संक्रामक रोगों की समय पर पहचान करना तथा लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना था।
शिविर में कुल 278 लोगों की HIV, सिफिलिस, हेपेटाइटिस-बी और हेपेटाइटिस-सी की निःशुल्क जांच की गई। जांच कराने वालों में 78 पुरुष, 72 महिलाएं, 64 महिला यौनकर्मी (FSW), 23 पुरुष समलैंगिक (MSM) तथा 41 इंजेक्शन के माध्यम से नशा करने वाले व्यक्ति (IDU) शामिल थे। सभी लाभार्थियों को गोपनीय परामर्श, स्वास्थ्य संबंधी जानकारी और आवश्यक मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया गया। इस दौरान चिकित्सकों ने सामान्य स्वास्थ्य जांच कर मरीजों को उनकी आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क दवाएं वितरित कीं। साथ ही HIV/AIDS, यौन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, हेपेटाइटिस, सुरक्षित व्यवहार, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।DAPCU के जिला परियोजना प्रबंधक अरविंद कुमार राय ने कहा कि हार्ड-टू-रीच क्षेत्रों में आयोजित ऐसे समेकित स्वास्थ्य शिविर वंचित एवं जोखिमग्रस्त समुदायों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का प्रभावी माध्यम हैं।
उन्होंने कहा कि समय पर जांच, परामर्श और उपचार से HIV सहित अन्य गंभीर बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण को मजबूत किया जा सकता है।शिविर में डॉ. नलिन नयन एवं डॉ. रामप्रवेश ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर चिकित्सकीय परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराईं। कार्यक्रम के सफल संचालन में सोनम पटेल (CHO), गोखलेश (CHO), लैब तकनीशियन जितेंद्र कुमार, एमडी साजिद, परिधि भारती के परियोजना प्रबंधक आभास कुमार तथा परामर्शी मनीष कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग और परिधि भारती की टीम की सक्रिय भूमिका रही।
परिधि भारती की सचिव पिंकी कुमारी ने बताया कि जिले के अन्य हार्ड-टू-रीच क्षेत्रों में भी नियमित रूप से ऐसे समेकित स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य जांच, परामर्श और उपचार की सुविधाएं आसानी से पहुंचाई जा सकें।






Total views : 92715