बेगूसराय, 2 जुलाई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री के निर्देश पर बेगूसराय जिले की ग्राम पंचायतों में चल रहे स्वच्छता कार्यों का निरीक्षण किया गया। इसी क्रम में उप विकास आयुक्त आकाश चौधरी ने बरौनी प्रखंड की पपरौर, महना और नूरपुर पंचायतों का औचक निरीक्षण कर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, वेस्ट प्रोसेसिंग यूनिट (WPU), अपशिष्ट प्रबंधन और स्वच्छता कर्मियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान पपरौर में कम्पोस्ट खाद निर्माण एवं कचरा पृथक्करण कार्य पर संतोष जताया गया। महना में WPU की लॉगबुक, कचरा संग्रहण व्यवस्था तथा क्षतिग्रस्त डस्टबिन बदलने के निर्देश दिए गए। वहीं नूरपुर में स्वच्छता कर्मियों द्वारा दिसंबर 2025 से लंबित मानदेय की जानकारी देने पर उप विकास आयुक्त ने 15वें वित्त आयोग की राशि से लंबित भुगतान शीघ्र कराने का निर्देश दिया। महना पंचायत सरकार भवन के निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रशासनिक सहयोग उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।
उप विकास आयुक्त ने ग्रामीणों से प्रति परिवार 30 रुपये मासिक यूजर चार्ज जमा कर रसीद लेने की अपील की तथा कहा कि प्राप्त राशि का आधा हिस्सा स्वच्छता कर्मियों को दिया जाए, ताकि स्वच्छता व्यवस्था और अधिक प्रभावी बन सके।
निरीक्षण के दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी अनुरंजन कुमार, प्रखंड समन्वयक शंभू कुमार सिन्हा, पूर्व मुखिया अरविंद कुमार राय, मुखिया शंकर पंडित, मुखिया शोभा कुमारी, पंचायत समिति सदस्य मो. यूनुस, स्वच्छता पर्यवेक्षक मो. राशिद, रामनाथ ठाकुर, मो. अयूब, पूर्व सरपंच कैलाश सिंह, समाजसेवी शैलेश कुमार सिंह, प्रह्लाद गुप्ता, राजेश चौधरी तथा मो. वाहिदी सहित अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।





Total views : 92716