नेशनल पॉजिटिव न्यूज़ | लखीसराय/शेखपुरा। 22 जून 2026
राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन (NACO) के Programmatic Mapping and Population Size Estimation (P-MPSE) कार्यक्रम के तहत शेखपुरा जिले में उच्च जोखिम समूहों (HRGs) के सर्वेक्षण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस महत्वपूर्ण पहल को लेकर 25 जून 2026 को सिविल सर्जन की अध्यक्षता में समुदाय सलाहकार समिति (Community Advisory Board-CAB) की प्रथम बैठक आयोजित होगी।
विभिन्न विभागों और समुदायों के प्रतिनिधि होंगे शामिल: बैठक में पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, जिला पंचायती राज कार्यालय, जिला कल्याण विभाग, सामाजिक सुरक्षा विभाग, बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति (BSACS), जिला एड्स नियंत्रण एवं बचाव इकाई, परिधि भारती संस्था तथा सामुदायिक प्रतिनिधियों सहित कई संबंधित हितधारक भाग लेंगे। बैठक का उद्देश्य P-MPSE गतिविधियों के सफल संचालन के लिए विभिन्न विभागों और समुदायों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा सर्वेक्षण प्रक्रिया में सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित करना है।
क्या है P-MPSE कार्यक्रम? : राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित P-MPSE का उद्देश्य उच्च जोखिम समूहों की वास्तविक संख्या, उपस्थिति और भौगोलिक वितरण का वैज्ञानिक आकलन करना है। इसके आधार पर एचआईवी रोकथाम, जांच और उपचार सेवाओं की बेहतर योजना तैयार की जाती है। कार्यक्रम के प्रमुख उद्देश्यों में उच्च जोखिम समूहों की मैपिंग, जनसंख्या आकार का अनुमान तैयार करना, एचआईवी रोकथाम सेवाओं की पहुंच बढ़ाना, संसाधनों का आवश्यकता आधारित आवंटन सुनिश्चित करना तथा राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण कार्यक्रम को और अधिक प्रभावी बनाना शामिल है।
एचआईवी रोकथाम कार्यक्रमों को मिलेगी मजबूती: सिविल सर्जन ने कहा कि P-MPSE सर्वेक्षण जिले में एचआईवी रोकथाम कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने सभी विभागों एवं सामुदायिक प्रतिनिधियों से सर्वेक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
गोपनीयता और मानवाधिकारों का रखा जाएगा पूरा ध्यान जिला एड्स नियंत्रण एवं बचाव इकाई के जिला कार्यक्रम प्रबंधक अरविंद कुमार राय, परिधि भारती संस्था के कार्यपालक निदेशक (मानद) ई. कौशलेंद्र कुमार तथा प्रभारी जिला ICTC पर्यवेक्षक सुनीता कुमारी ने बताया कि सर्वेक्षण के दौरान गोपनीयता, सम्मान और मानवाधिकारों के सिद्धांतों का पूर्ण रूप से पालन किया जाएगा। एकत्रित आंकड़ों का उपयोग केवल सार्वजनिक स्वास्थ्य कार्यक्रमों की योजना और सेवा विस्तार के लिए किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सर्वेक्षण NACO और BSACS के दिशा-निर्देशों के अनुरूप संचालित किया जाएगा, जिससे जिले में उच्च जोखिम समूहों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं और एचआईवी संबंधी सुविधाओं की पहुंच को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।
(नेशनल पॉजिटिव न्यूज़)







Total views : 91635