बेगूसराय, 18 जून। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बछवाड़ा प्रखंड सभागार में गुरुवार को जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में आपसी बंटवारा मामलों के त्वरित एवं प्रभावी निष्पादन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में डीएम ने कहा कि बंटवारा मामलों के निष्पादन में देरी से पारिवारिक विवाद, सामाजिक तनाव और भूमि संबंधी झगड़े बढ़ते हैं। उन्होंने राजस्व कर्मियों, सरपंचों, कचहरी सचिवों एवं न्याय मित्रों को लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान किसान पंजीकरण (फार्मर रजिस्ट्रेशन) कार्य की भी समीक्षा की गई। डीएम ने अधिकारियों को विशेष अभियान चलाकर शत-प्रतिशत किसान पंजीकरण सुनिश्चित करने तथा कृषि योजनाओं का लाभ किसानों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि भूमि विवादों के त्वरित समाधान से सामाजिक सौहार्द बढ़ेगा और प्रशासन के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत होगा। बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी तेघड़ा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।






Total views : 90527