बेगूसराय, 16 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
डंडारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में दिवयंग जनों के लिए यूनिक डिसेबिलिटी आईडी (UDID) कार्ड बनाने हेतु आयोजित दो दिवसीय विशेष शिविर का सफलतापूर्वक समापन हुआ। शिविर में दूसरे दिन बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों ने पहुंचकर अपना UDID कार्ड बनवाया। जानकारी के अनुसार, शिविर के पहले दिन जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त चिकित्सकों की टीम—डॉ. शिशिर कुमार, डॉ. गौरव कुमार एवं डॉ. राकेश कुमार की देखरेख में दिव्यांगजनों की जांच की गई थी, लेकिन जागरूकता की कमी के कारण मात्र चार लोगों का ही UDID कार्ड बन सका।
वहीं दूसरे दिन बिहार एसोसिएशन ऑफ पर्सन विद डिसेबिलिटी (BAPD) के सक्रिय प्रयासों से स्थिति पूरी तरह बदल गई। संगठन के सहयोग से लगभग 50 दिव्यांगजनों का UDID कार्ड बनाया गया, जिससे उन्हें सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ प्राप्त करने में सहूलियत मिलेगी।
मो. मुजाहिर ने निभाई अहम भूमिका: बिहार एसोसिएशन ऑफ पर्सन विद डिसेबिलिटी के डंडारी प्रखंड सचिव मो. मुजाहिर ने शिविर की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने, दिव्यांगजनों को शिविर स्थल तक लाने तथा चिकित्सकों की टीम को सहयोग प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके प्रयासों से बड़ी संख्या में दिव्यांगजन शिविर तक पहुंच सके। मो. मुजाहिर ने कहा कि दिव्यांग भाई-बहनों की सेवा करना उनका दायित्व है और वे भविष्य में भी उनके अधिकारों एवं सुविधाओं के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते रहेंगे।संगठन के जिला सचिव बिपिन कुमार ने मो. मुजाहिर के समर्पण एवं सेवा भावना की सराहना करते हुए उन्हें धन्यवाद दिया तथा कहा कि ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।







Total views : 90236