जन-जन तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
बेगूसराय, 16 जून। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
समेकित स्वास्थ्य शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को कुरहा स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर में बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति (BGJAS) के सहयोग से स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार, सीडीपीओ संगीता कुमारी तथा बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति के कार्यपालक निदेशक ई. कौशलेंद्र कुमार ने संयुक्त रूप से किया।
प्रवासियों और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए उपयोगी: उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि जन-जन के द्वार स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित यह कार्यक्रम अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से प्रवासी श्रमिकों, उच्च जोखिम समूहों तथा हार्ड-टू-रीच क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को स्वास्थ्य सुविधाओं से जोड़ने में ऐसे शिविरों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
विभिन्न रोगों की हुई जांच: शिविर में आए लोगों की एचआईवी, सिफलिस, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, टीबी एवं हाइपरटेंशन समेत विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। साथ ही स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा आवश्यक परामर्श भी दिया गया। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें निःशुल्क दवाएं उपलब्ध कराईं।
स्वास्थ्य कर्मियों और स्वयंसेवकों की रही सक्रिय भागीदारी: शिविर के सफल संचालन में बीएचएम अनीता कुमारी, बीसीएम रतन कुमार, अर्चना कुमारी, महिला पर्यवेक्षिका, सीएचओ आनंद मोहन, बिहार ग्रामीण जागरूकता अभियान समिति की परामर्शी अंबिका कुमारी, एम एंड ई रविंद्र रंजन, कविता, प्रियंका, एएनएम रिशु कुमारी एवं प्रेरणा चौधरी सहित आशा कार्यकर्ताओं और आंगनवाड़ी सेविकाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई।







Total views : 90220