बेगूसराय, 08 जून 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (एआईएसएफ) एवं ऑल इंडिया यूथ फेडरेशन (एआईवाईएफ) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को एसबीएसएस कॉलेज परिसर में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन कर उनके इस्तीफे की मांग की। यह कार्यक्रम संगठनों के राष्ट्रव्यापी विरोध अभियान के तहत आयोजित किया गया। पुतला दहन कार्यक्रम का नेतृत्व एआईएसएफ के जिला उपाध्यक्ष बसंत कुमार ने किया। इस दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए एआईएसएफ जिला अध्यक्ष अमरेश कुमार ने आरोप लगाया कि हाल के दिनों में जंतर-मंतर पर विभिन्न संगठनों द्वारा किए जा रहे आंदोलन के दौरान कार्यकर्ताओं पर हमला किया गया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों पर आघात है।
उन्होंने कहा कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं को लेकर शिक्षा मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। सभा को संबोधित करते हुए एआईवाईएफ जिला सचिव धीरेंद्र कुमार एवं एआईएसएफ जिला सचिव सत्यम भारद्वाज ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में बार-बार सामने आ रही गड़बड़ियों से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आंदोलनों को दबाने का प्रयास कर रही है और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है।
संगठन के नेताओं ने कहा कि उनकी मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।कार्यक्रम में एआईएसएफ राष्ट्रीय परिषद सदस्य कैसर रेहान, बिपीन कुमार, जीडी कॉलेज इकाई सचिव अंकित कुमार, साहिल कुमार, दिव्यांशु कुमार, जीवन कुशवाहा, गौतम कुमार, छोटू कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित थे।






Total views : 89460