बेगूसराय, 08 जून 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिले में 11 जून से आयोजित होने वाले समेकित स्वास्थ्य शिविरों की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। शिविरों के सफल संचालन को लेकर सोमवार को जिला स्तर पर दो महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठकों का आयोजन किया गया। पहली बैठक जिला पंचायती राज पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जिसमें सभी प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए। वहीं दूसरी बैठक जिला प्रोग्राम पदाधिकारी (आईसीडीएस) की अध्यक्षता में हुई, जिसमें जिले के सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) ने भाग लिया।
बैठक में बीजीजेएएस (BGJAS) के कार्यपालक निदेशक ई. कौशलेंद्र कुमार ने जिले में आयोजित होने वाले 152 समेकित स्वास्थ्य शिविरों की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने कार्यक्रम स्थलों की व्यवस्था, पंचायती राज प्रतिनिधियों के सहयोग, आंगनवाड़ी सेविकाओं की सक्रिय भागीदारी तथा शिविर के एक दिन पूर्व व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने शिविर के दिन घर-घर स्क्रीनिंग अभियान चलाने तथा अधिक से अधिक लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के लिए सभी संबंधित विभागों एवं फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं से सहयोग की अपेक्षा की।
बैठक के दौरान जिला पंचायती राज पदाधिकारी एवं जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ने बेहतर स्वास्थ्य उपलब्धियों और रोगों की रोकथाम के उद्देश्य से सभी प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों एवं फ्रंटलाइन कार्यकर्ताओं को पूर्ण समन्वय के साथ कार्य करने का निर्देश दिया। गौरतलब है कि 11 जून को सदर प्रखंड के धबौली में समेकित स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ प्रस्तावित है। इस संबंध में 30 मई को आयोजित जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक में जिला पदाधिकारी से उद्घाटन करने का अनुरोध किया गया था। स्वास्थ्य विभाग को उम्मीद है कि इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जांच, रोगों की समय पर पहचान तथा जनजागरूकता को बढ़ावा मिलेगा।






Total views : 89460