कुशल युवा कार्यक्रम, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड और स्वयं सहायता भत्ता योजना की प्रगति की हुई समीक्षा
बेगूसराय। 3 जून 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में बुधवार को विकसित बिहार के 7 निश्चय एवं 7 निश्चय-2 के अंतर्गत संचालित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवाओं के कौशल विकास, उच्च शिक्षा एवं रोजगारोन्मुखी योजनाओं की प्रगति और उपलब्धियों की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुशल युवा कार्यक्रम के तहत 26,556 आवेदन स्वीकृत किए गए। वहीं मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना में 5,739 आवेदनों को मंजूरी दी गई। बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 3,684 आवेदन स्वीकृत किए गए। जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुंचे तथा लंबित एवं तकनीकी कारणों से प्रभावित आवेदनों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने विशेष रूप से स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना से जुड़े मामलों में राज्य मुख्यालय से समन्वय स्थापित कर समस्याओं के शीघ्र समाधान पर बल दिया। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।







Total views : 89071