बेगूसराय, 29 मई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय शहर के तिलकनगर वार्ड संख्या-32 में गुरुवार की सुबह एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने की आशंका की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय ऋतिक सिन्हा के रूप में हुई है, जो मुरलीधर उर्फ बबलू का इकलौता पुत्र था। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
निजी बैंक के लोन विभाग में करता था काम: परिजनों के अनुसार ऋतिक सिन्हा बेगूसराय शहर स्थित एक निजी बैंक के लोन विभाग में कार्यरत था। बुधवार की शाम वह बैंक में आयोजित एक पार्टी में शामिल हुआ था। पार्टी समाप्त होने के बाद वह घर लौटा, खाना खाया और अपने कमरे में सोने चला गया।
सुबह कमरे में फंदे से लटका मिला शव: गुरुवार की सुबह काफी देर तक जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों को चिंता हुई। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर घरवालों ने दरवाजे की कुंडी तोड़कर अंदर प्रवेश किया। कमरे के अंदर ऋतिक का शव चादर के सहारे पंखे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार के लोगों की चीख-पुकार मच गई।
पुलिस और एफएसएल टीम ने की जांच: घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का बताया जा रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी है।
अगले महीने होनी थी शादी: मृतक के चाचा दिलीप सिन्हा ने बताया कि ऋतिक की शादी अगले महीने उसी की सहकर्मी से होने वाली थी। दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए राजी थे। ऐसे में अचानक उठाए गए इस कदम से परिवार, दोस्त और सहकर्मी सभी स्तब्ध हैं।
चाचा ने समाज को दिया भावुक संदेश: मृतक के चाचा दिलीप सिन्हा ने बताया कि परिवार को कभी इस बात का आभास नहीं हुआ कि ऋतिक किसी मानसिक तनाव में है। उन्होंने कहा कि घटना वाली रात भी उसका व्यवहार सामान्य था। उन्होंने समाज से अपील करते हुए कहा कि आजकल लोगों के बीच संवाद की कमी बढ़ती जा रही है। परिवार के लोगों को बच्चों और युवाओं से लगातार बातचीत करनी चाहिए, उनकी भावनाओं को समझना चाहिए और उन्हें अकेला महसूस नहीं होने देना चाहिए।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़: ऋतिक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी एक बहन है जिसकी शादी हो चुकी है। बेटे की असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है और घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल है।







Total views : 88226