बेगूसराय, 23 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में शनिवार को समाहरणालय के दक्षिणी द्वार स्थित हड़ताली चौक पर जनहित के विभिन्न मुद्दों को लेकर विशाल धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास ने किया। धरना में जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं, किसानों, मजदूरों, युवाओं, छात्रों, महिलाओं एवं आम नागरिकों की भारी भीड़ उमड़ी। धरना के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शनकारियों ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली, किसानों की समस्याओं तथा बेगूसराय की उपेक्षा को लेकर सरकार के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया।
महंगाई और बेरोजगारी पर सरकार को घेरा: धरना को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष शिव प्रकाश गरीब दास ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब, मध्यम वर्ग, किसान और मजदूर महंगाई की मार झेल रहे हैं, जबकि सरकार जनता की समस्याओं पर ध्यान देने के बजाय केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त है। उन्होंने युवाओं की बेरोजगारी और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही धांधली पर भी चिंता जताई। नीट पेपर लीक मामले का उल्लेख करते हुए कांग्रेस नेताओं ने उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। साथ ही बीपीएससी टीआरई-4 परीक्षा जल्द आयोजित कर बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।
किसानों की समस्याओं को लेकर उठी आवाज: धरना में किसानों की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की गई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों को समय पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो रहे हैं तथा कालाबाजारी चरम पर है। सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली व्यवस्था नहीं होने से किसानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। कांग्रेस ने किसानों को उचित मूल्य पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, सिंचाई हेतु मुफ्त बिजली देने और किसानों के कर्ज माफ करने की मांग सरकार से की।
मेडिकल कॉलेज और दिनकर विश्वविद्यालय की मांग: धरना के दौरान बेगूसराय मेडिकल कॉलेज में जल्द शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। नेताओं ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च होने के बावजूद मेडिकल कॉलेज में पढ़ाई शुरू नहीं होना प्रशासनिक विफलता का उदाहरण है।इसके अलावा राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की धरती बेगूसराय में “दिनकर विश्वविद्यालय” की स्थापना और जिले को प्रमंडल घोषित करने की मांग भी की गई। वक्ताओं ने कहा कि औद्योगिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक रूप से महत्वपूर्ण होने के बावजूद बेगूसराय की लगातार उपेक्षा की जा रही है।
स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग: कांग्रेस नेताओं ने बरौनी रिफाइनरी, खाद कारखाना और जिले के अन्य उद्योगों में स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता देने की मांग की। नेताओं ने कहा कि बेगूसराय के संसाधनों और उद्योगों का लाभ स्थानीय युवाओं को मिलना चाहिए।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी: धरना के दौरान कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी गांव से लेकर सड़क और सदन तक चरणबद्ध आंदोलन को और तेज करेगी। धरना कार्यक्रम में जिला कांग्रेस प्रभारी अरविंद शर्मा, सहप्रभारी अरविंद लाल रजक एवं मिथिलेश निषाद समेत रजनीकांत पाठक, नीरज कुमार, निशांत कुमार, अनुपम कुमार अन्नु, हारून रशीद, सुबोध कुमार, राकेश कुमार, नारायण सिंह, आर एन सिंह, खम्हार मुखिया अवनीश कुमार, नगर अध्यक्ष बृजेश कुमार प्रिंस, निगम पार्षद शगुफ्ता ताजवर, मंसूरचक प्रखंड अध्यक्ष बालेश्वर महतो, रामकुमार चौधरी, संजय चौधरी, यशवंत कुमार, जिला उपाध्यक्ष कृष्ण कुमार राय, ओबीसी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष राम स्वार्थ साह, रामाशीष सहनी,अजय सिंह, पैक्स अध्यक्ष राजेश कुशवाहा, अशोक यादव, आशुतोष कुमार रमन,पैक्स अध्यक्ष राहुल कुमार युवा अध्यक्ष राहुल कुमार एनएसयूआई अध्यक्ष राजा कुमार, मीडिया प्रभारी प्रिंस कुमार, माधव कुमार अंकित कुमार नीतीश कुमार आजाद कुमार सहित जिला कांग्रेस कमिटी के पदाधिकारीगण, प्रखंड अध्यक्षगण, वरिष्ठ कांग्रेसजन, महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, सेवा दल एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित थे।







Total views : 87568