बेगूसराय, 19 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में विश्वविद्यालय की स्थापना, NEET पेपर लीक मामले और छात्रों से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने बड़े आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। मंगलवार को एसबीएसएस कॉलेज परिसर में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में संगठन ने आने वाले दो से चार दिनों के भीतर समाहरणालय पर विशाल धरना-प्रदर्शन करने का निर्णय लिया। बैठक में छात्र नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की लापरवाही के कारण देश के लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने NEET परीक्षा में हुए कथित पेपर लीक को शिक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल बताया।
समाहरणालय पर होगा बड़ा प्रदर्शन: बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि छात्रों की मांगों को लेकर जिला प्रशासन के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया जाएगा। नेताओं ने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने मांगों पर त्वरित कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। छात्र नेताओं ने इसे “छात्र सम्मान और बेगूसराय के अधिकार” की लड़ाई बताया।
NSUI की प्रमुख मांगें: बेगूसराय में विश्वविद्यालय की स्थापना: NSUI ने मांग की कि जिले के छात्रों को उच्च शिक्षा के लिए बाहर न जाना पड़े, इसके लिए बेगूसराय में जल्द से जल्द अलग विश्वविद्यालय की स्थापना की जाए। साथ ही संगठन ने लगातार हो रहे पेपर लीक और परीक्षा में कथित गड़बड़ियों को देखते हुए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई। छात्र नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से परीक्षा प्रणाली की निष्पक्षता बनाए रखने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए इस्तीफे की मांग की। NSUI ने बलिया, बखरी और शाम्हो के डिग्री कॉलेजों में इसी शैक्षणिक सत्र से नामांकन प्रक्रिया शुरू करने की मांग भी रखी।
आंदोलन को सफल बनाने का लिया संकल्प: बैठक में जिला अध्यक्ष राजा कुमार, NSUI सचिव पवन कुमार, कॉपरेटिव कॉलेज अध्यक्ष अंकित कुमार, छात्र नेता बालकृष्ण आजाद, नीतीश कुमार, जिला महासचिव प्रिंस कुमार, सचिन कुमार, मन्नू कुमार, रिशु कुमार, कॉपरेटिव मीडिया प्रभारी प्रिंस कुमार सहित संगठन के कई पदाधिकारी और छात्र कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।






Total views : 87273