बेगूसराय, 18 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग एक बार फिर तेज हो गई है। ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन (AISF) के राष्ट्रीय सचिव एवं सीपीआई जिला सचिवमंडल सदस्य अमीन हमजा ने जिले में एक आधुनिक खेल स्टेडियम निर्माण की आवश्यकता पर जोर दिया है। रजौड़ा में आयोजित नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए अमीन हमजा ने कहा कि बेगूसराय में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है। हर दिन नए खिलाड़ी उभर रहे हैं, लेकिन उन्हें बेहतर अभ्यास के लिए अच्छे मैदान और स्टेडियम की आवश्यकता है।
“गांधी स्टेडियम की स्थिति भी संतोषजनक नहीं”: अमीन हमजा ने कहा कि वर्तमान में गांधी स्टेडियम ही जिले का प्रमुख खेल मैदान है, लेकिन उसकी स्थिति भी बेहतर नहीं है। उन्होंने जिले के जनप्रतिनिधियों से अपील करते हुए कहा कि बेगूसराय में एक आधुनिक और सुविधायुक्त स्टेडियम का निर्माण कराया जाए, ताकि युवा खिलाड़ी बेहतर प्रशिक्षण लेकर अपने भविष्य को संवार सकें।
बड़े स्टेडियम निर्माण को लेकर संघर्ष करेगा AISF: AISF के जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार ने कहा कि खिलाड़ियों के सम्मान और जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए संगठन बड़े स्टेडियम निर्माण की मांग को लेकर संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन और सुविधाएं मिलें, तो बेगूसराय के युवा राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकते हैं।
रजौड़ा में जारी है नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट: गौरतलब है कि बेगूसराय अंचल के रजौड़ा में AISF के बैनर तले 16 मई से नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। टूर्नामेंट का संरक्षण मो. आयतुल्लाह कर रहे हैं। मैच शुरू होने से पहले अमीन हमजा ने खिलाड़ियों के साथ कुछ देर बल्लेबाजी की, जबकि जिलाध्यक्ष अमरेश कुमार ने गेंदबाजी कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम की कमेंट्री वकार आजम कर रहे थे।इस दौरान दीपक कुमार, अंकित कुमार, अफगान समेत दर्जनों युवा खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।






Total views : 86664