लखनऊ | 13 मई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पद्म विभूषण स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के पुत्र तथा भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव का बुधवार सुबह निधन हो गया। वे मात्र 38 वर्ष के थे।जानकारी के अनुसार, प्रतीक यादव लंबे समय से फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। बताया जा रहा है कि उनके फेफड़ों में क्लॉट की समस्या थी और उनका इलाज लखनऊ के मेदांता अस्पताल में चल रहा था। मंगलवार देर रात उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया। सिविल अस्पताल के निदेशक डॉ. जी.पी. गुप्ता ने बताया कि सुबह लगभग 5 बजे डॉक्टरों की टीम उनके घर पहुंची थी। उस समय उनकी हालत बेहद गंभीर थी। उन्हें तुरंत अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का हर संभव प्रयास किया, लेकिन सुबह 5:55 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
सूत्रों के मुताबिक, 30 अप्रैल को भी उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ सुधार होने के बाद वे अस्पताल से घर लौट आए थे। इलाज के दौरान अखिलेश यादव ने भी उनसे मुलाकात की थी। बुधवार सुबह प्रतीक यादव को उनके साले अमन बिष्ट सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उस समय अपर्णा यादव दिल्ली में थीं और सूचना मिलते ही लखनऊ के लिए रवाना हो गईं। परिवार के अन्य सदस्य भी उनके आवास पर पहुंच रहे हैं।
पोस्टमार्टम के लिए प्रतीक यादव के शव को किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। प्रतीक यादव के निधन की खबर से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और समर्थक उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।





Total views : 85994