बेगूसराय, 10 मई 2026: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
TRE-4 शिक्षक अभ्यर्थियों पर पटना में हुए लाठीचार्ज और गिरफ्तारी के विरोध में रविवार को भाकपा माले, आईसा और आरवाईए के संयुक्त बैनर तले बेगूसराय में विरोध मार्च निकाला गया। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन कर सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन की शुरुआत भाकपा माले कार्यालय कमलेश्वरी भवन से हुई, जो मार्च के रूप में समाहरणालय द्वार तक पहुंची। वहां सभा आयोजित कर अभ्यर्थियों की मांगों को पूरा करने तथा गिरफ्तार शिक्षक अभ्यर्थी नेताओं की रिहाई की मांग की गई।
“नौकरी मांगने वालों पर दमन कर रही सरकार” : दिवाकर प्रसाद : सभा को संबोधित करते हुए भाकपा माले के जिला सचिव दिवाकर प्रसाद ने कहा कि TRE-4 अभ्यर्थियों पर किया गया लाठीचार्ज भाजपा-जदयू सरकार की दमनकारी मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों के साथ बर्बरतापूर्ण व्यवहार किया गया, जो लोकतांत्रिक अधिकारों का खुला उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि रोजगार और अधिकार की मांग उठा रहे युवाओं पर राज्य प्रायोजित दमन किया जा रहा है। साथ ही आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए शिक्षक अभ्यर्थी नेताओं की तत्काल रिहाई एवं दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग की।
“सरकार बहाली के बजाय युवाओं पर चला रही लाठी” : रामकुमार तांती : आरवाईए के राज्य पार्षद रामकुमार तांती ने कहा कि बिहार में लाखों पद खाली पड़े हैं और सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की भारी कमी है। इसके बावजूद सरकार नियुक्ति प्रक्रिया तेज करने के बजाय युवाओं पर लाठी चला रही है।उन्होंने कहा कि भाजपा-जदयू सरकार रोजगार देने में विफल साबित हुई है और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
कई वामपंथी कार्यकर्ता रहे मौजूद: प्रदर्शन कार्यक्रम में चन्द्रदेव वर्मा, बैजू सिंह, नवल किशोर सिंह, राजेश श्रीवास्तव, संजय ठाकुर, राजाराम पासवान, जयजयराम पासवान, कलदेव पासवान, मदन सहनी, कन्हैयालाल साह, श्रवेंद्र राय, महेंद्र साह, बिपत साह, बीकेस साह, मोहम्मद मुर्तुजा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।







Total views : 85465