बेगूसराय, 10 मई 2026: नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार सरकार द्वारा उच्च शिक्षा के विस्तार के उद्देश्य से राज्य के 208 प्रखंडों में राजकीय डिग्री कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में बेगूसराय जिले के 10 प्रखंडों में भी डिग्री कॉलेज की स्थापना की गई है, जिन्हें सफल संचालन के लिए ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा की अंगीभूत इकाई बनाया गया है। ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी द्वारा पत्रांक C/DR-II/7913/26 दिनांक 05 मई 2026 के माध्यम से सभी नवस्थापित महाविद्यालयों में प्रभारी प्राचार्यों की नियुक्ति की गई है।
डॉ. अवधेश कुमार सिंह को मिला अतिरिक्त प्रभार: एसबीएसएस कॉलेज, बेगूसराय के प्राचार्य डॉ. प्रो. अवधेश कुमार सिंह को राजकीय डिग्री कॉलेज, बछवाड़ा का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। उन्होंने 09 मई 2026 को औपचारिक रूप से महाविद्यालय का प्रभार ग्रहण किया। प्रभार ग्रहण करने के बाद डॉ. सिंह ने बताया कि फिलहाल महाविद्यालय का संचालन उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय, फतेहा, बछवाड़ा के वर्गकक्षों में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार सरकार का यह कदम उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक पहल है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को अपने घर और गांव के निकट उच्च शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
उच्च शिक्षा के प्रसार में विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण भूमिका: डॉ. अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजय कुमार चौधरी उच्च शिक्षा के विस्तार के लिए शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कुलपति के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल ग्रामीण छात्रों के भविष्य को नई दिशा देने वाली साबित होगी।
कई शिक्षाविद एवं गणमान्य लोग रहे उपस्थित: इस अवसर पर उत्क्रमित +2 उच्च विद्यालय फतेहा की प्राचार्य सुनीता कुमारी, मध्य विद्यालय फतेहा की प्रभारी प्राचार्य बबीता कुमारी, विद्यालय प्रबंधन समिति के कार्यकारिणी सदस्य नंद कुमार चौधरी, शिक्षक चंदन कुमार एवं संजय पासवान सहित कई लोग उपस्थित रहे।






Total views : 85467