बेगूसराय, 7 मई 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
माउंट लिट्रा पब्लिक स्कूल में गुरुवार को गुरुदेव रबींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती एवं विश्व एथलेटिक्स दिवस बड़े उत्साह, सम्मान और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।कार्यक्रम की शुरुआत विशेष प्रातःकालीन सभा से हुई। विद्यालय की प्राचार्या डॉ. शीतल एवं नन्हे बच्चों ने रबींद्रनाथ टैगोर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इसके बाद विद्यार्थियों ने भाषण, गीत और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से टैगोर जी के जीवन, साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया। शिक्षकों ने भी उनके विचारों और रचनाओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। इसी अवसर पर विश्व एथलेटिक्स दिवस भी पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों ने आर्चरी, फुटबॉल और बैडमिंटन जैसे खेलों को नृत्य एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों के माध्यम से दर्शाया। बच्चों ने खेलों के महत्व, स्वास्थ्य, अनुशासन और टीम भावना का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्या डॉ. शीतल ने कहा कि रबींद्रनाथ टैगोर के विचार आज भी बच्चों को रचनात्मकता, संवेदनशीलता और शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हैं। उन्होंने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण आधार हैं। विद्यालय के निदेशक डॉ. मनीष देवा ने अपने संबोधन में कहा कि साहित्य और खेल दोनों ही जीवन को नई दिशा देते हैं। ऐसे आयोजन बच्चों में आत्मविश्वास, संस्कृति और सकारात्मक सोच का विकास करते हैं।विद्यालय परिवार के अनुसार यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक, प्रेरणादायक और आनंदमय अनुभव साबित हुआ।






Total views : 85233