निजी स्कॉर्पियो वाहन से मिली थी 216 लीटर विदेशी शराब, जांच में गंभीर प्रशासनिक अनियमितता और लापरवाही सामने आने के बाद जिला प्रशासन ने उठाया कदम
बेगूसराय। 18 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय में निजी स्कॉर्पियो वाहन से 216 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद होने के मामले में जिला प्रशासन ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला पदाधिकारी ने भूमि सुधार उप समाहर्ता, बखरी ललित कुमार सिंह के निलंबन और उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार, पटना से की है।
जिला जनसंपर्क कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 13 नवंबर 2026 को बेगूसराय पुलिस द्वारा अवैध नशीले पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान उक्त निजी स्कॉर्पियो वाहन से कुल 216 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की गई थी। बताया गया है कि इस वाहन का उपयोग भूमि सुधार उप समाहर्ता, बखरी द्वारा विभागीय कार्यों के लिए किया जा रहा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई। जांच प्रतिवेदन में गंभीर प्रशासनिक अनियमितता एवं लापरवाही सामने आने के बाद जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई का निर्णय लिया।
इसके तहत भूमि सुधार उप समाहर्ता ललित कुमार सिंह के निलंबन एवं उनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की अनुशंसा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, बिहार, पटना को भेज दी गई है।
प्रशासनिक अनुशासन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राज्य में मद्यनिषेध कानून के प्रभावी क्रियान्वयन और प्रशासनिक अनुशासन के मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता अथवा नियमों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने कहा है कि सरकारी कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और निर्धारित नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करना सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों की जिम्मेदारी है। इस कार्रवाई को प्रशासनिक जवाबदेही और मद्यनिषेध कानून के अनुपालन के प्रति जिला प्रशासन की गंभीरता के रूप में देखा जा रहा है।





Total views : 117765