डीएम रिची पाण्डेय ने बलिया के जिला परिषद पोखर का किया निरीक्षण, घाटों पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी और प्रकाश की व्यवस्था
बेगूसराय | 14 नवंबर 2026 | नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
लोक आस्था के महापर्व कार्तिक छठ को लेकर बेगूसराय जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 15 एवं 16 नवंबर को आयोजित होने वाले छठ महापर्व के दौरान छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा सुचारू आवागमन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक प्रशासनिक एवं सुरक्षा व्यवस्था की गई है। 15 नवंबर को पहला अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय के निर्देश पर जिले के सभी गंगा घाटों, नदियों, पोखरों, तालाबों एवं वहां तक पहुंचने वाले मार्गों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। तैयारियों की निगरानी के लिए जिला एवं अनुमंडल स्तर पर विशेष कोषांग का गठन किया गया है। जिला स्तरीय कोषांग में अपर समाहर्ता बृजकिशोर चौधरी को वरीय नोडल पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता प्रियंका कुमारी को नोडल पदाधिकारी तथा सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी राजू कुमार को सहायक नोडल पदाधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है।जिले के सभी अनुमंडल पदाधिकारियों एवं भूमि सुधार उप समाहर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों के छठ घाटों का भौतिक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया है।
वहीं, प्रखंड स्तरीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित कर घाटों, पोखरों, तालाबों और पहुंच पथों पर जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। इसी क्रम में जिला पदाधिकारी रिची पाण्डेय ने शनिवार को बलिया अनुमंडल अंतर्गत जिला परिषद पोखर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छठ घाट पर की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी इंतजाम दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। उन्होंने पर्व के दौरान पूरी सतर्कता एवं तत्परता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा।
जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिले के सभी प्रखंडों के वरीय पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के महत्वपूर्ण छठ घाटों का निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण किया है। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारियों, प्रखंड विकास पदाधिकारियों और अंचल अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया है।
जिला प्रशासन के अनुसार, छठ घाटों पर साफ-सफाई, घाट निर्माण, पहुंच पथों का समतलीकरण और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए खतरनाक घाटों पर बैरिकेडिंग की गई है। वहीं, प्रमुख एवं बड़े छठ घाटों पर पीए सिस्टम, सीसीटीवी और वीडियो कैमरों के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों को पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और घाटों पर उपलब्ध सुविधाओं की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया है। प्रशासन का लक्ष्य है कि छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो और लोक आस्था का यह महापर्व शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हो।






Total views : 116719