जमुई। 21 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जमुई जिले में सड़क पर जा रहे एक नाबालिग छात्र-छात्रा के साथ बदसलूकी और मारपीट के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और त्वरित कार्रवाई शुरू की।
जमुई एसपी विश्वजीत दयाल ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी। गिरफ्तार आरोपी जमुई जिले के मरवा गांव के रहने वाले बताए गए हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
19 सितंबर की शाम हुई थी घटना:
जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर की शाम नाबालिग छात्र-छात्रा स्कूटी से जा रहे थे। इसी दौरान कुछ युवकों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया और घेरकर उनके साथ अभद्रता और मारपीट की।आरोप है कि इस दौरान लड़की के साथ छेड़खानी भी की गई। वीडियो में दोनों पीड़ित रोते हुए हाथ जोड़कर उन्हें छोड़ने की गुहार लगाते नजर आए। आरोपियों ने घटना का वीडियो भी बनाया, जो बाद में सोशल मीडिया पर सामने आया।
वीडियो सामने आने के बाद जमुई पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी।
एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी गठित: मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी विश्वजीत दयाल ने एसडीपीओ दीप्ति मोनाली के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की है। एसआईटी घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। फिलहाल तीनों गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि घटना में अन्य लोग शामिल थे या नहीं।






Total views : 107225