हथियार और चाकू का भय दिखाकर दुष्कर्म करने तथा अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने का आरोप, पुलिस कर रही छापेमारी
बेगूसराय, 29 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
नगर थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग और जानलेवा हमले के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है। बेगूसराय पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 28 सितंबर की देर शाम नगर थाना में लिखित आवेदन देकर घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
पुलिस को दिए आवेदन के अनुसार, घटना 27 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे की बताई गई है। पीड़िता स्वयं सहायता समूह की महिलाओं से ऋण की राशि का तगादा करने के लिए निकली थी। इसी दौरान रास्ते में उसकी मुलाकात पड़ोसी विक्रम सहनी से हुई। आरोप है कि विक्रम सहनी ने उसे झांसा देकर अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी पीड़िता को शहर के अलका सिनेमा के समीप ले गया, जहां पहले से रोहित कुमार मौजूद था। इसके बाद दोनों आरोपी बातचीत के बहाने पीड़िता को होटल ब्लू डायमंड ले गए। पीड़िता के आवेदन के अनुसार, होटल के कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया गया और चाकू का भय दिखाकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। आरोप है कि घटना का वीडियो भी बनाया गया और उसे सोशल मीडिया तथा व्हाट्सऐप ग्रुप में वायरल करने की धमकी दी गई। पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद उसने नगर थाना पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी।
बेगूसराय पुलिस के अनुसार, पीड़िता का मेडिकल सदर अस्पताल, बेगूसराय में कराया जा रहा है। वहीं इस घटना को लेकर एसपी मनीष सहित नगर थाना की टीम घटनास्थल होटल पहुँच कर मामले. की जांच पड़ताल शुरू की। साथ ही घटना स्थल को सुरक्षित करते हुए एफएसएल टीम को भी सूचित किया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए नगर थाना की टीम द्वारा सघन छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में विधि-सम्मत आवश्यक कार्रवाई जारी है।दर्ज कांड: नगर थाना कांड संख्या 451/26, दिनांक 28.09.2026। पुलिस प्रेस विज्ञप्ति में बीएनएस और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं का उल्लेख किया गया है।
नोट: यह खबर पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति और पीड़िता के आवेदन में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद होगी।





Total views : 108918