दिल्ली-UP में बढ़ेगी ठंड। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ से मौसम में बड़ा बदलाव, कुछ इलाकों में 110 किमी प्रति घंटे तक चल सकती हैं हवाएं; तटीय राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
19 नवंबर 2026। जमुई। बिहार नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। उत्तर भारत में जहां ठंड और कोहरे का प्रभाव बढ़ने लगा है, वहीं पूर्वी और दक्षिणी भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, आंधी और तूफान का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार बिहार, झारखंड, ओडिशा समेत देश के 15 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। इस मौसमी बदलाव की मुख्य वजह बंगाल की खाड़ी में सक्रिय प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ बताया जा रहा है। इसके प्रभाव से कई राज्यों में मौसम खराब होने की आशंका है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 85 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
बंगाल की खाड़ी में सक्रिय है चक्रवाती तूफान: दक्षिण और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ मौसम को प्रभावित कर रहा है। पूर्वानुमान के मुताबिक, इसके 20 नवंबर की दोपहर तक उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों के बीच मछलीपट्टनम और पुरी के आसपास पहुंचने की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा की रफ्तार 90 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे तथा झोंकों के साथ 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इसके प्रभाव से 19 और 20 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और ओडिशा में कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की आशंका है। समुद्र में ऊंची लहरें उठने और तेज हवाएं चलने की संभावना को देखते हुए तटीय इलाकों के लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
बिहार के जमुई समेत कई जिलों में बारिश की संभावना: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बिहार के कई जिलों में मौसम खराब रह सकता है। इनमें पटना, भोजपुर, बक्सर, भागलपुर, मुंगेर, जमुई, पूर्णिया, सुपौल, दरभंगा, मधुबनी और किशनगंज सहित अन्य इलाके शामिल हैं। इन क्षेत्रों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। खासकर दक्षिण-पूर्वी बिहार के जिलों में मौसम के बदलाव का असर देखने को मिल सकता है।
झारखंड के कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट: झारखंड में भी चक्रवाती तूफान का प्रभाव देखने को मिल सकता है। रांची, धनबाद, देवघर, बोकारो, हजारीबाग, पलामू और रामगढ़ समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी दी गई है।वहीं ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है। पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
इन 15 राज्यों में बारिश और तूफान की आशंका: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार बिहार, झारखंड, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, केरल, तेलंगाना, तमिलनाडु, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय और त्रिपुरा में बारिश एवं आंधी की संभावना जताई गई है।
दिल्ली और उत्तर प्रदेश में बढ़ेगी ठंड: दूसरी ओर, उत्तर भारत में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ रहा है। राजधानी दिल्ली में 19 नवंबर को ठंड और घने कोहरे की संभावना जताई गई है। यहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 13 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद, मेरठ, नोएडा, आगरा, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर और जौनपुर समेत कई जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इन इलाकों में ठंड और कोहरे का प्रभाव बढ़ने की संभावना है।
लोगों को सतर्क रहने की सलाह: मौसम में अचानक बदलाव को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है। तेज हवा और बारिश के दौरान खुले स्थानों, कमजोर मकानों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचना चाहिए। समुद्र तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को प्रशासन और मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है।






Total views : 117711