जनसुराज के कार्यक्रम में कई चिकित्सकों और सामाजिक हस्तियों ने ली पार्टी की सदस्यता, चुनाव आयोग की कार्यशैली पर प्रशांत किशोर ने उठाए सवाल
बेगूसराय। 6 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर सोमवार की देर रात पूर्णिया जाने के क्रम में बेगूसराय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रतनपुर स्थित जनसुराज के प्रदेश महासचिव अजीत गौतम के आवास पर कुछ समय बिताया, जहां उनके स्वागत में एक संक्षिप्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर की कई जानी-मानी हस्तियों, चिकित्सकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों की मौजूदगी रही।कार्यक्रम की शुरुआत जनसुराज के प्रदेश महासचिव अजीत गौतम के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने प्रशांत किशोर सहित कार्यक्रम में मौजूद सभी अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने प्रशांत किशोर को माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया।
कई चिकित्सकों और प्रमुख लोगों ने ली जनसुराज की सदस्यता: कार्यक्रम के दौरान बेगूसराय की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने जनसुराज की सदस्यता ग्रहण की। इनमें प्रमुख रूप से डॉ. ए.के. राय सहित अन्य लोग शामिल रहे। इसके अलावा भाजपा और कांग्रेस से जुड़े कुछ सदस्यों ने भी जनसुराज से जुड़ने की बात सामने आई। मौके पर डॉ. रंजन चौधरी, डॉ. जमशेद, डेंटिस्ट डॉ. आशीष सुमन, डॉ. मृत्युंजय, डॉ राहुल, सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय स्तर पर संगठन विस्तार और बिहार की राजनीति से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बेगूसराय में पिछले दिनों जनसुराज की राजनीतिक गतिविधियां तेज हुई हैं। हाल ही में भाजपा के दो पूर्व जिलाध्यक्षों के जनसुराज से जुड़ने की खबर भी सामने आई थी, हालांकि बाद में राजकिशोर सिंह ने अपना निर्णय बदलने की बात कही।
मुख्यमंत्री की शैक्षणिक योग्यता और राजनीतिक रिकॉर्ड पर उठाए सवाल: कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने बिहार की राजनीतिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मुख्यमंत्री की शैक्षणिक योग्यता और उनके राजनीतिक रिकॉर्ड का जिक्र करते हुए कहा कि बिहार की जनता को यह सोचने की जरूरत है कि वह अपने राज्य का मुख्यमंत्री कैसा चाहती है। उन्होंने कहा कि राज्य के नेतृत्व और राजनीतिक व्यवस्था को लेकर जनता को गंभीरता से विचार करना चाहिए। प्रशांत किशोर ने शिक्षा, राजनीति और नेतृत्व से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच चर्चा का विषय बनाने की बात कही।
चुनाव आयोग की कार्यशैली पर भी निशाना: प्रशांत किशोर ने चुनाव आयोग की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वह पहले से ही कहते रहे हैं कि चुनाव आयोग चुनावी प्रक्रिया को सही ढंग से संचालित नहीं कर रहा है। उनके अनुसार चुनाव प्रक्रिया में कई प्रकार की अनियमितताओं के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट से भी मामले का संज्ञान लेने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। चुनाव आयोग और बिहार में चुनावी प्रक्रिया को लेकर प्रशांत किशोर की ओर से हाल के दिनों में ऐसे सवाल लगातार उठाए गए हैं।प्रशांत किशोर ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि चुनाव प्रक्रिया को लेकर लोगों के मन में सवाल खड़े होते हैं तो संबंधित संस्थाओं को उन सवालों का जवाब देना चाहिए।
राजकिशोर सिंह के जनसुराज से न जुड़ने पर भी दिया जवाब: कार्यक्रम के दौरान भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष राजकिशोर सिंह के जनसुराज में शामिल होने और फिर से वापस हो जाने के सवाल पर भी प्रशांत किशोर ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जनसुराज ऐसी पार्टी नहीं है कि कोई भी व्यक्ति बिना सोचे-समझे सीधे इसमें शामिल हो जाए। उन्होंने संकेत दिया कि जनसुराज में शामिल होने वाले लोगों के विचार, उनकी पृष्ठभूमि और पार्टी के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को भी महत्व दिया जाता है। राजकिशोर सिंह के जनसुराज में शामिल होने की खबर के बाद उनके द्वारा अगले ही दिन भाजपा और संघ के साथ बने रहने की बात कहे जाने की खबर भी सामने आई थी।
देर रात तक चले इस कार्यक्रम में शहर के कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। प्रशांत किशोर इसके बाद पूर्णिया के लिए रवाना हो गए। सोमवार को पूर्णिया में जनसुराज से जुड़े कार्यक्रम में भी उनकी मौजूदगी रही।बेगूसराय में प्रशांत किशोर के इस देर रात ठहराव और स्थानीय चिकित्सकों, सामाजिक हस्तियों एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं से मुलाकात को आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






Total views : 110476