पटना। 30 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार सरकार में बड़ा प्रशासनिक बदलाव हुआ है। वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दीपक कुमार को मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव पद से हटाकर बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। दीपक कुमार बिहार के मुख्य सचिव भी रह चुके हैं और लंबे समय तक मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव के रूप में काम कर चुके हैं।
1984 बैच के आईएएस अधिकारी हैं दीपक कुमार:
दीपक कुमार 1984 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने आईआईटी दिल्ली से सिविल इंजीनियरिंग में बीटेक किया है। जून 2018 में उन्हें बिहार का मुख्य सचिव बनाया गया था। फरवरी 2021 में सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव पद पर कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर नियुक्त किया गया था।
अपने प्रशासनिक करियर में वे बक्सर, नालंदा, हजारीबाग और मोतिहारी समेत कई जिलों के जिलाधिकारी रह चुके हैं। केंद्र में उन्होंने ईएसआईसी के डायरेक्टर जनरल और एनएचएआई के चेयरमैन की जिम्मेदारी भी संभाली है।
अब आपदा प्रबंधन प्राधिकरण में संभालेंगे जिम्मेदारी:
बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष के रूप में दीपक कुमार की जिम्मेदारी राज्य में बाढ़, सूखा और अन्य आपदाओं से निपटने से जुड़ी नीतियों और तैयारियों से संबंधित होगी।
दीपक कुमार के लंबे प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए उनकी नई नियुक्ति को प्रशासनिक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। वहीं, उन्हें भविष्य में केंद्र में किसी अन्य महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की चर्चा भी है, हालांकि इस संबंध में आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।






Total views : 109273