बेगूसराय। 30 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिले में गैर-संचारी रोगों (NCD) की समय पर पहचान और उपचार के लिए चल रहे ‘जांच एवं उपचार—चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान के तहत अब तक 6,35,936 लोगों की NCD स्क्रीनिंग की जा चुकी है। यह निर्धारित लक्ष्य का करीब 83 प्रतिशत है। अभियान के तहत लोगों को एक ही प्लेटफॉर्म पर कई स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ दिया जा रहा है।
हाइपरटेंशन और डायबिटीज की भी जांच: अभियान के दौरान NCD के साथ एनीमिया, ABHA ID, आयुष्मान कार्ड, ओरल कैंसर, ब्रेस्ट कैंसर, सर्वाइकल कैंसर, फैटी लिवर और COPD की स्क्रीनिंग भी की जा रही है। अब तक 6,33,773 लोगों की हाइपरटेंशन और डायबिटीज की जांच हुई है। इनमें 27,549 लोग हाइपरटेंशन और 25,188 लोग डायबिटीज से डायग्नोस्ड पाए गए हैं। वहीं 5 लोग ओरल कैंसर के संदिग्ध मिले हैं।
डाइट स्क्रीनिंग में करीब 6,000 लोगों की जांच की गई, जिनमें लगभग 1,500 लोग हाई-रिस्क जोन में पाए गए। ऐसे लोगों को संतुलित आहार, नियमित शारीरिक गतिविधि और तंबाकू सहित हानिकारक पदार्थों से दूरी के लिए जागरूक किया जा रहा है।
क्षेत्र भ्रमण से हो रही अभियान की मॉनिटरिंग: प्रखंडवार समीक्षा में मंसूरचक ने लक्ष्य के अनुपात में सर्वाधिक स्क्रीनिंग की है, जबकि सदर, शाम्हो और बछवाड़ा में उपलब्धि 85 प्रतिशत से कम है। संबंधित प्रखंडों को अभियान में तेजी लाकर शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम की लगातार मॉनिटरिंग जिला गैर-संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. संजय सिंह कर रहे हैं। जिला कार्यक्रम प्रबंधक नसीम राजी और DPC आयुष्मान भारत प्रभात कुमार सहित कार्यक्रम पदाधिकारी क्षेत्र भ्रमण और स्वास्थ्य संस्थानों की निगरानी कर रहे हैं। अभियान का अनुश्रवण जिला पदाधिकारी श्री रिची पांडेय द्वारा भी किया जा रहा है।





Total views : 109270