बेगूसराय। 29 सितंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिले की विभिन्न बाल विकास परियोजनाओं के आंगनवाड़ी केंद्रों पर मंगलवार को ‘आँगन का मिलन’ कार्यक्रम उत्साह के साथ आयोजित किया गया। केंद्रों को आकर्षक ढंग से सजाया गया और बच्चों, माताओं, गर्भवती महिलाओं सहित अन्य लाभार्थियों की सहभागिता से माहौल उत्सवमय रहा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता एवं समग्र विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।
रंगोली और पौष्टिक आहार से दिया पोषण का संदेश: आंगनवाड़ी केंद्रों पर पोषण और स्वच्छता से जुड़ी आकर्षक रंगोली बनाई गई। विभिन्न पोषक खाद्य पदार्थों और हरी सब्जियों का प्रदर्शन कर संतुलित एवं पौष्टिक आहार के महत्व की जानकारी दी गई।
बच्चों के लिए खीर, पूरी सहित अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्री की व्यवस्था की गई।बच्चों ने खेल-कूद, गीत, कविता और विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। आंगनवाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं ने माताओं एवं गर्भवती महिलाओं को बच्चों के पोषण, स्वच्छता, टीकाकरण, स्वास्थ्य देखभाल और सर्वांगीण विकास से जुड़ी जानकारी दी।
सेविका, सहायिका और आशा कार्यकर्ता सम्मानित: कार्यक्रम में आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन और सेवाओं में योगदान देने वाली आंगनवाड़ी सेविकाओं, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं को सम्मान-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सक्रिय सहभागिता के लिए माताओं और अन्य लाभार्थियों को भी आभार-पत्र प्रदान किया गया।
‘आँगन का मिलन’ के माध्यम से आंगनवाड़ी केंद्रों और स्थानीय समुदाय के बीच सहभागिता मजबूत करने का प्रयास किया गया। उपस्थित लोगों ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और सर्वांगीण विकास के लिए सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया।





Total views : 109112