प्रतिदिन 100 से अधिक यात्रियों की हो रही निःशुल्क जांच, HIV, सिफलिस और हेपेटाइटिस-B व C की जांच के साथ मिल रहा स्वास्थ्य परामर्श।
लखीसराय। 13 नवंबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से अपने घर लौट रहे प्रवासियों को स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लखीसराय रेलवे स्टेशन पर विशेष स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श शिविर लगाया गया है। बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति (BSACS) एवं जिला एड्स नियंत्रण एवं बचाव इकाई (DAPCU), लखीसराय के सहयोग से परिधि भारती के TI प्रोजेक्ट द्वारा संचालित यह शिविर 20 नवंबर तक चलेगा।
शिविर में यात्रियों एवं प्रवासी कामगारों की HIV, सिफलिस, हेपेटाइटिस-B और हेपेटाइटिस-C की निःशुल्क जांच की जा रही है। इसके अलावा ब्लड शुगर एवं रक्तचाप (BP) जांच की सुविधा भी उपलब्ध है। जरूरत के अनुसार लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य परामर्श और आवश्यक दवाइयां भी दी जा रही हैं।शिविर का संयुक्त निरीक्षण DAPCU, लखीसराय के जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) अरविंद कुमार राय, DISHA के तकनीकी विशेषज्ञ शैलेश शुक्ला तथा परिधि भारती के मानद कार्यपालक निदेशक इं. कौशलेंद्र कुमार ने किया। इस दौरान अधिकारियों ने जांच व्यवस्था, उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं एवं स्वास्थ्यकर्मियों की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने अधिक से अधिक प्रवासियों तक स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अधिकारियों ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक अपने घर लौटते हैं। ऐसे में रेलवे स्टेशन जैसे व्यस्त सार्वजनिक स्थान पर स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन काफी महत्वपूर्ण है। इससे लोगों को समय पर बीमारियों की पहचान, उचित परामर्श और उपचार की सुविधा मिलती है। साथ ही HIV एवं अन्य यौन संचारित संक्रमणों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समाज में व्याप्त भ्रांतियों को दूर करने में भी मदद मिलती है।शिविर में प्रतिदिन 100 से अधिक प्रवासियों एवं यात्रियों की स्वास्थ्य जांच की जा रही है।
इस अभियान को सफल बनाने में DAPCU की टीम, ICTC, STI क्लिनिक तथा परिधि भारती TI प्रोजेक्ट के कर्मी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को अस्पतालों से बाहर निकालकर आम लोगों तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। त्योहार की खुशियों के बीच प्रवासियों को स्वास्थ्य जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराना इस अभियान की खास विशेषता है।
अभियान का संदेश है कि त्योहार की खुशियों के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा भी जरूरी है। समय पर जांच और उचित परामर्श से स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जा सकता है।







Total views : 116579