बेगूसराय। 20 अगस्त। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बेगूसराय जिले में नवाचार, उद्यमशीलता और स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देने के लिए शुक्रवार, 21 अगस्त को ‘TEJAS’ (Transforming Entrepreneurial Journeys Across States & Districts) कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (RRSDCE), बेगूसराय में सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
यह राज्यस्तरीय फ्लैगशिप कार्यक्रम भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के उद्योग एवं आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (DPIIT) के अंतर्गत स्टार्टअप इंडिया और स्टार्टअप बिहार की संयुक्त पहल के तहत आयोजित किया जा रहा है। देश के 132 चयनित जिलों के साथ बिहार के 13 आकांक्षी जिलों में यह क्षमता संवर्धन कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
युवाओं को मिलेगा स्टार्टअप का व्यावहारिक मार्गदर्शन: कार्यक्रम का उद्देश्य जिले के इच्छुक उद्यमियों, नवप्रवर्तकों, स्टार्टअप्स और छात्रों की पहचान कर उन्हें आवश्यक मार्गदर्शन एवं संस्थागत सहयोग उपलब्ध कराना है। प्रतिभागियों को स्टार्टअप शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने से जुड़ी जरूरी जानकारी भी दी जाएगी। कार्यक्रम में स्टार्टअप्स को मेंटोरिंग, इन्क्यूबेशन सहयोग, सीड फंडिंग और बैंक लिंकेज सहित वित्तीय संसाधनों तक आसान पहुंच उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।
स्थानीय उत्पादों और नवाचारों की लगेगी प्रदर्शनी: कार्यक्रम के दौरान उद्योग विभाग की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित उद्यमियों और नवाचारियों द्वारा अपने उत्कृष्ट उत्पादों एवं सेवाओं की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इससे प्रतिभागियों को बेगूसराय में विकसित हो रहे स्थानीय नवाचारों और उद्यमों को करीब से समझने का अवसर मिलेगा।
उद्यमी, छात्र और बैंकर्स होंगे शामिल: कार्यक्रम में जिले के नए एवं अनुभवी उद्यमी, स्टार्टअप फाउंडर्स, तकनीकी एवं विभिन्न कॉलेजों के छात्र, प्रमुख बैंकर्स, विभागीय अधिकारी और स्थानीय विषय विशेषज्ञ भाग लेंगे। जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक ने जिले के सभी इच्छुक युवाओं, स्टार्टअप्स, नवप्रवर्तकों और उद्यमियों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जिले के युवाओं को अपने आइडिया को उद्यम में बदलने और उपलब्ध वित्तीय एवं संस्थागत अवसरों से जुड़ने में उपयोगी साबित हो सकता है।







Total views : 100797





















