भाजपा की नीतियों के खिलाफ संघर्ष तेज करने का आह्वान
बेगूसराय। 18 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
भाकपा माले बेगूसराय-खगड़िया जोन की बैठक मंगलवार को संस्कृत विद्यालय, बेगूसराय में पार्टी प्रभारी, पोलित ब्यूरो सदस्य एवं विधान पार्षद शशि यादव की मौजूदगी में हुई। बैठक में पार्टी के पूर्व राज्य सचिव नंदकिशोर प्रसाद, ऐक्टू के राज्य महासचिव आरएन ठाकुर, महेंद्र चौधरी समेत दिवंगत साथियों को मौन श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बैठक में बेगूसराय जिला सचिव दिवाकर प्रसाद, खगड़िया जिला सचिव शैलेन्द्र वर्मा, चन्द्रदेव वर्मा, बैजू सिंह, नवलकिशोर सिंह, सोनू फर्नाज, सुभाष सिंह और अभय वर्मा समेत कई पार्टी नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए। बैठक को संबोधित करते हुए शशि यादव ने कहा कि भाजपा संविधान, लोकतंत्र और हक की बात करने वाली ताकतों के आंदोलनों को अलगाव में डालने और उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रही है।
उन्होंने कहा कि कंपनी राज स्थापित करने की कोशिशों के खिलाफ छात्र और युवा भी उठ खड़े हुए हैं, लेकिन उनके आंदोलन को नक्सली सोच से जोड़कर बदनाम किया जा रहा है। शशि यादव ने कहा कि छात्र-युवा आंदोलन को मजदूर, किसान और मेहनतकश लोगों के संघर्ष से जोड़कर भाजपा के ‘विषैले दांत’ तोड़ने की जरूरत है। इसके लिए पार्टी संगठन का विस्तार करना होगा और जनता से जुड़े मुद्दों पर संघर्ष को तेज करना होगा।
उन्होंने जमीन, आवास और रोजगार के मुद्दों के साथ गरीबों के राशन कार्ड से नाम हटाए जाने, नए राशन कार्ड को चालू कराने, शिक्षा और स्वास्थ्य समेत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर आंदोलन तेज करने की बात कही।बैठक में बेगूसराय-खगड़िया जोन में पार्टी की सदस्यता बढ़ाने और संगठन का विस्तार करने का निर्णय लिया गया।






Total views : 100527





















