जमुई। 9 जुलाई 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के सफल , सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुंगेर प्रमंडल आयुक्त प्रेम सिंह मीणा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्च स्तरीय बैठक किया। इस महत्वपूर्ण बैठक में मेला अवधि के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए तमाम मूलभूत व्यवस्थाओं की विस्तृत और गहन समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान मुख्य रूप से कांवड़िया पथ पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, शुद्ध एवं पर्याप्त पेयजल की उपलब्धता, सुलभ व स्वच्छ शौचालयों के निर्माण, निरंतर चौबीस घंटे साफ-सफाई की व्यवस्था, सुदृढ़ भीड़ प्रबंधन, चाक-चौबंद विधि व्यवस्था तथा आपातकालीन व त्वरित चिकित्सा सहायता जैसी आवश्यक नागरिक सुविधाओं को धरातल पर उतारने की रणनीति पर गंभीरता से विचार किया गया।
डीएम नवीन ने जिले में चल रही सभी आवश्यक प्रगति और प्रशासनिक तैयारियों की अद्यतन स्थिति से प्रमंडलीय आयुक्त को विस्तारपूर्वक अवगत कराया। विदित हो कि सड़क मार्ग से देवघर जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए जमुई जिला एक अत्यंत महत्वपूर्ण और मुख्य पारगमन मार्ग है , जिसे देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रशासनिक तैयारियां युद्ध स्तर पर पूरी की जा रही हैं। जिला पदाधिकारी ने प्रमंडलीय आयुक्त को आश्वस्त करते हुए कहा कि श्रावणी मेला के दौरान जन सुविधाओं और नागरिक सुरक्षा से जुड़े सभी विभागीय कार्यों और व्यवस्थाओं को आगामी 20 जुलाई की निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण कर लिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक विश्वजीत दयाल ने श्रावणी मेला के दौरान संपूर्ण जिले में की गई पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति के संबंध में आयुक्त को अवगत कराया। इस बैठक में प्रमंडलीय आयुक्त द्वारा कर्तव्य पर तैनात सभी दंडाधिकारियों और पुलिस बल के जवानों की पॉइंट-टू-पॉइंट ब्रीफिंग, चेकिंग, सघन गश्त और मॉनिटरिंग व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ तथा संवेदनशील बनाने का निर्देश दिया गया। साथ ही उन्होंने पूर्व के मेला आयोजनों के अनुभवों और फीडबैक के आधार पर इस बार की तैयारियों को और अधिक व्यापक व त्रुटिहीन बनाने तथा सभी विभागों को आपसी समन्वय को सुदृढ़ करते हुए बेहतर प्रदर्शन करने का निर्देश दिया।







Total views : 93713