बेगूसराय। 27 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर मेरा युवा भारत (MY Bharat), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से देशव्यापी कार्यक्रम ‘खेलो इंडिया संवाद–खेल की बात, पीएम के साथ’ का आयोजन गणेश दत्त महाविद्यालय (जीडी कॉलेज), बेगूसराय में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को खेल, फिटनेस, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना रहा। राष्ट्रीय खेल दिवस महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन रहा, जिसका सीधा प्रसारण महाविद्यालय सभागार में किया गया। कार्यक्रम में केंद्रीय वस्त्र मंत्री सह बेगूसराय सांसद गिरिराज सिंह, जिला पदाधिकारी रिची पांडेय, तेघड़ा विधायक रजनीश कुमार, नगर निगम बेगूसराय की महापौर पिंकी देवी, उपविकास आयुक्त आकाश चौधरी और जिला खेल पदाधिकारी बिट्टू कुमार सिंह सहित विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, स्थानीय खेल प्रतिभाएं एवं बड़ी संख्या में युवा और छात्र शामिल हुए।
राष्ट्रीय चरण के बाद स्थानीय स्तर पर ‘युवा संवाद’ आयोजित किया गया। इसमें युवा आइकन और स्थानीय खेल प्रतिभाओं के बीच संवाद हुआ। पिछले दस वर्षों में खेल अवसंरचना में हुए विकास, खेल क्षेत्र में बदलाव तथा आगामी ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों की तैयारियों पर चर्चा की गई। युवाओं ने देश के खेल पारिस्थितिकी तंत्र को बेहतर बनाने, 2036 ओलंपिक के लिए खेल प्रतिभाओं के संवर्धन, युवा नेतृत्व एवं शासन में भागीदारी और विकसित भारत के लिए युवाओं के सशक्तिकरण जैसे विषयों पर अपने सुझाव साझा किए।
खेल सुविधाओं, प्रतिभा पहचान, प्रशिक्षण, खेल विज्ञान, छात्रवृत्ति, नेतृत्व क्षमता, स्वयंसेवा, डिजिटल एवं उद्यमिता कौशल जैसे विषयों पर भी युवाओं की राय ली गई। कार्यक्रम के दौरान युवाओं को MY Bharat पोर्टल पर पंजीकरण के लिए प्रोत्साहित किया गया। सुझाव प्राप्त करने के लिए कार्यक्रम स्थल पर QR कोड की व्यवस्था की गई तथा Viksit Bharat Young Leaders Dialogue (VBYLD) 2027 Quiz की जानकारी भी दी गई।कार्यक्रम का संदेश रहा कि देश के युवा केवल खेलों के सहभागी नहीं, बल्कि विकसित और सशक्त भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार भी हैं।





Total views : 102411