बेगूसराय। 26 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बेगूसराय जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। संभावित बाढ़-2026 से निपटने के लिए जिला आपदा प्रबंधन शाखा द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। जिला पदाधिकारी ने साम्हो प्रखंड का निरीक्षण कर बाढ़ की संभावित स्थिति, नाव परिचालन और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
प्रशासन के अनुसार जिले के 08 प्रखंडों की 39 पंचायतें और 189 गांव संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के रूप में चिन्हित किए गए हैं। इनमें 37 ग्राम पंचायत और 02 नगर पंचायत शामिल हैं। जलस्तर और बाढ़ की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
267 नावों की व्यवस्था: संभावित बाढ़ की स्थिति में सुरक्षित आवागमन और बचाव कार्य के लिए जिले में कुल 267 नावों के परिचालन की व्यवस्था की गई है। इनमें 21 सरकारी नाव, निजी नाव मालिकों के साथ एकरारनामा के तहत 239 नाव और 07 मोटरबोट शामिल हैं। इसके अतिरिक्त साहेबकमाल प्रखंड के समस्तीपुर एवं संदलपुर पंचायतों में आम लोगों के आवागमन के लिए 05 नावों की निःशुल्क व्यवस्था की गई है।
228 सामुदायिक रसोई और 80 राहत शिविर चिन्हित: बाढ़ प्रभावित लोगों को भोजन और आश्रय उपलब्ध कराने के लिए जिले में 228 सामुदायिक रसोई केंद्र और 80 राहत शिविर चिन्हित किए गए हैं। ड्राई राशन पैकेट तैयार करने के लिए 26 स्थल तथा आपातकालीन हवाई सहायता के लिए 18 हेलीपैड स्थल भी चिन्हित किए गए हैं। प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत देने के लिए प्रशासन के पास 41,880 पॉलिथीन शीट्स उपलब्ध हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं की भी तैयारी: संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 62 मोबाइल मेडिकल टीम, 19 अस्थायी मेडिकल कैंप और 29 स्थायी मेडिकल कैंप की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आपातकालीन चिकित्सा जरूरतों के लिए 122 प्रकार की जीवन रक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।
पशुओं के लिए 52 कैंप और 2,500 क्विंटल चारा: बाढ़ के दौरान पशुधन की सुरक्षा के लिए भी प्रशासन ने तैयारी की है। प्रभावित क्षेत्रों में 52 पशु कैंप चिन्हित किए गए हैं और पशुओं के उपचार के लिए 44 प्रकार की दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। पशुधन के लिए 2,500 क्विंटल पशुचारा भी भंडारित किया गया है।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को पूरी तत्परता से कार्य करने तथा आवश्यकता पड़ने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने, राहत एवं चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और आवश्यक संसाधनों के तत्काल उपयोग की तैयारी की गई है।
प्रशासन की लोगों से अपील: जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। जलभराव तथा तेज जलधारा वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवागमन से बचें और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचित करें।बाढ़ या किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के दूरभाष संख्या 9279808780 पर संपर्क किया जा सकता है।





Total views : 102333