बेगूसराय। 19 अगस्त 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
बिहार सरकार के मुख्य सचिव ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य में चल रहे फार्मर रजिस्ट्री अभियान की समीक्षा की। इस दौरान बेगूसराय में फार्मर रजिस्ट्री, फार्मर आईडी निर्माण और ई-केवाईसी की प्रगति की जानकारी ली गई तथा लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया गया। बैठक में डीएम श्रीकांत शास्त्री, एसपी मनीष सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम ने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में फार्मर आईडी बनवाने की अपील की। उन्होंने बताया कि इससे पीएम किसान सम्मान निधि, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। किसान कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार, राजस्व कर्मचारी, CSC/वसुधा केंद्र या बिहार फार्मर रजिस्ट्री पोर्टल के माध्यम से आईडी बनवा सकते हैं।
बैठक में साइबर अपराध और डिजिटल अरेस्ट के मामलों की भी समीक्षा हुई। प्रशासन ने लोगों से ओटीपी, बैंक विवरण या निजी जानकारी साझा नहीं करने तथा किसी के दबाव में पैसे नहीं भेजने की अपील की। संदिग्ध मामलों की तत्काल सूचना पुलिस या साइबर थाना को देने को कहा गया। फार्मर रजिस्ट्री सहायता के लिए 18001801551 तथा राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के हेल्पलाइन नंबर 18003456215 पर संपर्क किया जा सकता है।





Total views : 100685





















