22वें राज्य सम्मेलन में पुरानी पेंशन, नियमितीकरण और 8वें वेतनमान समेत 10 सूत्री मांगों को लेकर संघर्ष का आह्वान
बेगूसराय। 1 अक्टूबर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़।
बिहार राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ का 22वां राज्य सम्मेलन 27 से 29 सितंबर 2026 तक भोजपुर जिले के आरा स्थित ग्रीन रिसॉर्ट, चंदवा में आयोजित किया गया। सम्मेलन में राज्यभर से आए कर्मचारी प्रतिनिधियों ने कर्मचारियों की विभिन्न मांगों और संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की।
सम्मेलन को अखिल भारतीय राज्य सरकारी महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुभाष लांबा, राष्ट्रीय महासचिव ए. श्री कुमार और राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष शशिकांत राय ने संबोधित किया। वक्ताओं ने कर्मचारी, मजदूर, किसान और नौजवानों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करते हुए अपने अधिकारों के लिए संघर्ष को मजबूत करने का आह्वान किया।
सम्मेलन में पुरानी पेंशन योजना लागू करने, ठेका, संविदा और मानदेय पर कार्यरत कर्मियों की सेवा नियमित करने तथा 8वें वेतनमान का अविलंब लाभ देने सहित 10 सूत्री मांगों को प्रमुखता से उठाया गया। साथ ही 12 दिसंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित रैली एवं प्रदर्शन को सफल बनाने का आह्वान किया गया।
बेगूसराय से पांच प्रतिनिधि राज्य कमेटी में निर्वाचित
सम्मेलन के दौरान नई राज्य कमेटी का गठन किया गया। इसमें बेगूसराय जिले से पांच प्रतिनिधियों को विभिन्न पदों पर निर्वाचित किया गया।
जितेंद्र राय — राज्य उपाध्यक्ष
सुधीर कुमार — राज्य संयुक्त मंत्री
सुरेंद्र कुमार — उपाध्यक्ष, संघर्ष समिति
रामानंद सागर — संयुक्त मंत्री, संघर्ष समिति
रीना कुमारी — राज्य महिला समिति
बेगूसराय से पांच प्रतिनिधियों के राज्य स्तर पर निर्वाचित होने को जिला महासंघ के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया।
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष शशिकांत राय ने नवनिर्वाचित राज्य प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेगूसराय से इन प्रतिनिधियों के निर्वाचित होने से जिला महासंघ को मजबूती मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी प्रतिनिधि महासंघ की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
जिला मंत्री मोहन मुरारी ने भी बेगूसराय जिले से निर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि कर्मचारी हितों के संघर्ष में इन प्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा और महासंघ कर्मचारियों के अधिकारों के लिए मजबूती से संघर्ष करेगा।
नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को लेकर शंकर मोची, मनीष कुमार, रामदास ठाकुर, अजय कुमार सिन्हा, मनोज कुमार, सिकंदर कुमार, श्रीमोद कुमार, सुनील कुमार, अनिल गुप्ता, सबिता कुमारी, रेणु कुमारी, संजीव कुमार, जितेंद्र कुमार, अजय कुमार और राजीव कुमार सहित दर्जनों नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने हर्ष व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दीं।





Total views : 109438