बेगूसराय। 4 सितम्बर 2026। नेशनल पॉजिटिव न्यूज़
पशुपालन विभाग के दरभंगा परिक्षेत्र के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. रामशंकर झा के सेवानिवृत्त होने पर 2 सितंबर को बेगूसराय में विदाई सह सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम बाभगामा स्थित नवनिर्मित पशुपालन भवन के सभागार में आयोजित हुआ। इस अवसर पर सेवानिवृत्त प्रधान लिपिक भारत भूषण को भी भावभीनी विदाई दी गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अवकाश प्राप्त क्षेत्रीय निदेशक डॉ. रामशंकर झा रहे। समारोह में वर्तमान क्षेत्रीय निदेशक दरभंगा डॉ. पंकज कुमार, जिला पशुपालन पदाधिकारी बेगूसराय डॉ. राकेश कुमार कुमुद, जिला पशुपालन पदाधिकारी समस्तीपुर डॉ. रायचंद्र प्रसाद, अनुमंडल पशुपालन पदाधिकारी दरभंगा डॉ. प्रमोद कुमार आर्या, पशु चिकित्सा संघ के अध्यक्ष विनोद कुमार मुक्त, महासचिव डॉ. प्रभात कुमार, पूर्व महासचिव दिलीप कुमार सहित बेगूसराय के शल्य चिकित्सक सुनील कुमार, डॉ. विपिन कुमार, डॉ. प्रतिमा मिमंज एवं अन्य चिकित्सक व कर्मी मौजूद रहे।

फूल-माला और शॉल देकर अतिथियों का स्वागत: समारोह की शुरुआत अतिथियों के स्वागत से हुई। बेगूसराय के पशु चिकित्सकों ने अतिथियों को फूल-माला पहनाकर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार कुमुद ने की, जबकि मंच संचालन रामआश्रय साही ने किया। इस दौरान पशु चिकित्सकों एवं विभागीय कर्मियों की ओर से सेवानिवृत्त क्षेत्रीय निदेशक डॉ. रामशंकर झा और प्रधान लिपिक भारत भूषण को उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया। विभागीय अधिकारियों और कर्मियों ने दोनों के कार्यकाल और उनके अनुभवों को याद करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

‘सच्चाई और ईमानदारी से करें काम, सफलता जरूर मिलेगी’: अपने संबोधन में दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों ने कहा कि जीवन और नौकरी में सच्चाई एवं ईमानदारी से काम करने वाला व्यक्ति निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि कर्म को हमेशा प्रधानता देनी चाहिए और जो कार्य सही हो, उसे करने में किसी से डरने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने अपने कार्यकाल के अनुभवों को साझा करते हुए विभाग के अधिकारियों और कर्मियों से ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और सही कार्य को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि अच्छे कर्म का प्रभाव न केवल वर्तमान में दिखाई देता है, बल्कि इससे आने वाला भविष्य भी उज्ज्वल होता है।

‘सेवानिवृत्ति के बाद भी मिलता रहेगा मार्गदर्शन’: बेगूसराय के वीएस (Veterinary Surgeon) सुनील कुमार ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद भी दोनों अनुभवी अधिकारियों का मार्गदर्शन विभाग के अधिकारियों और चिकित्सकों को मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि उनके लंबे अनुभव और कार्यशैली से विभाग को हमेशा सीख मिलती रहेगी। धन्यवाद ज्ञापन करते हुए जिला पशुपालन पदाधिकारी डॉ. राकेश कुमार कुमुद ने कहा कि अनुभवी अधिकारियों की कमी विभाग को हमेशा महसूस होगी।

उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारियों द्वारा दिए गए मार्गदर्शन और अनुभव को आगे भी कार्य में शामिल करते हुए विभागीय कार्यों को सफलतापूर्वक पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। समारोह का समापन भावुक माहौल में हुआ, जहां विभागीय अधिकारियों, पशु चिकित्सकों और कर्मियों ने दोनों सेवानिवृत्त कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





Total views : 103956